तमिलनाडु में टीवीके सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार , कांग्रेस के दो विधायक होंगे शामिल

तमिलनाडु में टीवीके सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार , कांग्रेस के दो विधायक होंगे शामिल

तमिलनाडु में टीवीके सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार , कांग्रेस के दो विधायक होंगे शामिल
Modified Date: May 21, 2026 / 09:36 am IST
Published Date: May 21, 2026 9:36 am IST

चेन्नई, 21 मई (भाषा) तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार, सरकार बनने के करीब दो सप्ताह बाद बृहस्पतिवार को होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय नीत सरकार में कांग्रेस के दो विधायकों को शामिल किया जाएगा।

यह दशकों बाद तमिलनाडु सरकार में कांग्रेस की वापसी का संकेत है, क्योंकि द्रविड़ दलों द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने कभी अपने सहयोगी दलों को सत्ता में हिस्सेदारी नहीं दी। इनमें कांग्रेस भी शामिल है, जिसने अलग-अलग समय पर दोनों दलों के साथ गठबंधन किया था।

स्वतंत्र भारत की पहली गैर-कांग्रेस सरकार 1967 में द्रविड़ नेता एवं द्रमुक संस्थापक सी.एन. अन्नादुरई ने बनाई थी। उन्होंने तत्कालीन सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की थी।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को कहा था कि कांग्रेस विधायक एस. राजेश कुमार और पी. विश्वनाथन बृहस्पतिवार को मंत्री पद की शपथ लेंगे।

मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे होगा। हालांकि, लोक भवन ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि कितने मंत्री शपथ लेंगे।

टीवीके के शीर्ष नेता एवं लोक निर्माण तथा खेल विकास मंत्री आधव अर्जुन ने बुधवार को कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) को सरकार में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री विजय ऐसा चाहते हैं।

पी. विश्वनाथन मदुरै जिले की मेलूर सीट से, जबकि राजेश कुमार कन्याकुमारी जिले की किल्लियूर सीट से निर्वाचित हुए हैं।

भाषा खारी शोभना

शोभना


लेखक के बारे में