तमिलनाडु: टीवीके विधायक प्रभाकर सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष चुने गए

Ads

तमिलनाडु: टीवीके विधायक प्रभाकर सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष चुने गए

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 10:53 AM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 10:53 AM IST

चेन्नई, 12 मई (भाषा) तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) विधायक जेसीडी प्रभाकर को मंगलवार को सर्वसम्मति से राज्य विधानसभा अध्यक्ष चुना गया।

विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने के लिए सदन की बैठक बुलाई गई, जिसमें कार्यवाहक विधानसभा अध्यक्ष एम.वी. करुपैया ने कहा कि मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय द्वारा प्रभाकर के नाम का प्रस्ताव रखा गया था और एकमात्र नामांकन प्राप्त होने पर उन्हें सर्वसम्मति से और निर्विरोध चुना गया है।

करुपैया ने इस चुनाव के बाद कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के समाप्त होने की घोषणा की।

उन्होंने सदन के नेता के. ए. सेंगोत्तैयान और विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन को सदन की परंपरा के अनुसार नव निर्वाचित विधानसभा अध्यक्ष को उनकी कुर्सी तक ले जाने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि आज से प्रभाकर सदन की कार्यवाही का संचालन करेंगे।

इसके बाद सेंगोत्तैयान और उदयनिधि ने प्रभाकर को बधाई दी। वे उन्हें सदन के मध्य स्थित उनकी कुर्सी तक ले गए, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य कुर्सी के दोनों ओर आमने-सामने बैठते हैं।

पदभार ग्रहण करते ही प्रभाकर ने विधानसभा उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया। उन्होंने बताया कि थुरैयूर से टीवीके विधायक एम. रविशंकर उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र सदस्य थे और उनका नामांकन सेंगोत्तैयान द्वारा प्रस्तावित किया गया था।

उन्होंने कहा कि कोई प्रतिद्वंदी न होने की वजह से रविशंकर निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं।

भाषा यासिर वैभव

वैभव