चेन्नई, 16 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु के उपनगर वनागरम में मंगलवार को एक तेज रफ्तार महंगी कार के चालक ने मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को कुचल दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, जब कुछ ऑटो चालकों व दोपहिया वाहन सवार लोगों ने कार का पीछा कर उसे पकड़ने की कोशिश की, तब चालक ने कुछ अन्य वाहनों को भी कथित तौर पर टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि लगभग दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद लोग वाहन को रोकने में सफल रहे और चालक को कार से बाहर निकालकर पीटा।
पुलिस के मुताबिक, चालक की पहचान थिरुवेरकाडु निवासी श्रीनिवासन (33) के रूप में हुई है और उसे हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी कार चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था।
पुलिस के मुताबिक, मामला दर्ज कर लिया गया है जांच की जा रही है।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश