तिरुवनंतपुरम, सात सितंबर (भाषा) त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) के अध्यक्ष के. जयकुमार ने अपने इस्तीफे की खबरों को नकारते हुए सोमवार को कहा कि उनके पास पद छोड़ने का कोई कारण नहीं है और वह नवंबर 2027 में अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।
जयकुमार यहां मीडिया के एक वर्ग में आई उन खबरों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे कि वह इस्तीफा देने की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी ओर से ऐसा कोई फैसला या इरादा नहीं है।
जयकुमार ने उन खबरों को भी खारिज किया जिनमें दावा किया गया था कि देवस्वओम मंत्री के. मुरलीधरन द्वारा बोर्ड के फैसलों से असहमति जताते हुए आठ बार पत्र लिखे जाने के बाद उन्होंने इस्तीफा देने की इच्छा जताई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने इस्तीफा देने का फैसला नहीं किया है। फिलहाल इसकी कोई जरूरत भी नहीं है। मेरा कार्यकाल नवंबर 2027 तक है और मैं अपना कार्यकाल पूरा करके ही पद छोड़ूंगा।’’
केरलम के पूर्व मुख्य सचिव जयकुमार को पूर्ववर्ती वामपंथी सरकार के दौरान टीडीबी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और उनका कार्यकाल नवंबर 2027 में समाप्त होगा।
जयकुमार ने कहा, ‘‘सरकार के साथ कोई बुनियादी मतभेद नहीं है। टीडीबी में ऐसा कोई संकट नहीं है जिसके कारण मुझे पद छोड़ना पड़े।’’
उन्होंने कहा कि कुछ मुद्दों पर मतभेद हो सकते हैं और ऐसे मतभेद होना सामान्य बात है।
जयकुमार ने कहा, ‘‘कुछ मुद्दों पर विचार अलग-अलग हो सकते हैं। लेकिन इससे मेरे काम करने के तरीके पर कोई असर नहीं पड़ा है।’’
उन्होंने कहा कि बोर्ड का तात्कालिक ध्यान आगामी शबरिमला तीर्थयात्रा की तैयारियों पर है।
टीडीबी अध्यक्ष ने कहा, ‘‘इस समय हमारे लिए सबसे बड़ा काम शबरमिला यात्रा है। मैं इस बैठक के बाद ‘क्लीन केरल कंपनी’ के सहयोग से गहन साफ-सफाई कार्य शुरू करने के लिए शबरिमला जा रहा हूं।’’
शबरिमला शिविर कार्यालय में मंत्री के लिए एक सरकारी गार्ड की नियुक्ति से जुड़ी खबरों पर जयकुमार ने कहा कि उन्हें इस नियुक्ति की जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे इसकी सूचना नहीं दी गई है। देवस्वओम आयुक्त को इसकी जानकारी हो सकती है। मुझे इसमें कोई बड़ी अनियमितता नहीं दिखती।’’
जयकुमार ने स्पष्ट किया कि सुरक्षाकर्मी आमतौर पर शबरिमला आने वाले अति वशिष्ट व्यक्तियों को मुहैया कराए जाते हैं और मंदिर के दर्शन के दौरान बोर्ड के सदस्यों के साथ भी सुरक्षाकर्मी होते हैं।
भाषा खारी वैभव
वैभव