दिल्ली में एक किशोर की गला घोंटकर हत्या, दो नाबालिग से पूछताछ

दिल्ली में एक किशोर की गला घोंटकर हत्या, दो नाबालिग से पूछताछ

दिल्ली में एक किशोर की गला घोंटकर हत्या, दो नाबालिग से पूछताछ
Modified Date: May 6, 2026 / 07:09 pm IST
Published Date: May 6, 2026 7:09 pm IST

नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने लापता 13 वर्षीय लड़के का शव बुधवार को बरामद कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार पीड़ित एक कुत्ते को दफनाने के लिए कुछ लोगों के साथ भाटी माइंस इलाके में गया था और बाद में वह लापता हो गया।

उसने बताया कि लड़के की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई।

पुलिस ने बताया कि नौंवी कक्षा का यह छात्र मंगलवार शाम जब घर नहीं लौटा तब उसके परिवारवालों ने शिकायत दर्ज कराई।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘दक्षिण दिल्ली में तलाशी अभियान के दौरान, पास के जंगल से किशोर का शव बरामद किया।’’

परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी वह कुछ लोगों के साथ एक कुत्ते को दफनाने के लिए जंगल चला गया।

पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि किशोर की गला घोंटकर हत्या की गई। उसने यह भी कहा कि इस घटना की कड़ियां ढूंढने और हत्या के मकसद का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों से पूछताछ की है।

इस घटना के बाद लड़के के परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने संजय कॉलोनी पुलिस चौकी के बाहर प्रदर्शन किया और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया।

बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत किया और स्थिति को नियंत्रण में लाया।

लड़के की चाची ने मीडियाकर्मियों से कहा, ‘‘ वह मंगलवार दोपहर बाद करीब तीन बजे जंगल गया था और देर रात तक वापस नहीं लौटा। हमने उसकी तलाश की और पुलिस को भी सूचित किया। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई और पुलिस की टीम ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। हम न्याय चाहते हैं।’’

भाषा राजकुमार अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में