टिहरी: तूफान के कारण ‘फ्लोटिंग हट्स’ झुकीं, 30 पर्यटक बचाए गये, जांच के आदेश

Ads

टिहरी: तूफान के कारण ‘फ्लोटिंग हट्स’ झुकीं, 30 पर्यटक बचाए गये, जांच के आदेश

  •  
  • Publish Date - May 3, 2026 / 09:20 PM IST,
    Updated On - May 3, 2026 / 09:20 PM IST

नयी टिहरी, तीन मई (भाषा) उत्तराखंड में नयी टिहरी के डोबरा-चांटी झील क्षेत्र में भीषण आंधी-तूफान के दौरान ‘फ्लोटिंग हट्स’ (तैरती हुई झोपड़ियों) की धुरी का जोड़ टूट जाने के कारण वे खतरनाक रूप से झुक गये, जिसके बाद राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के जवानों ने 30 पर्यटकों को डूबने से बचा लिया।

यह घटना शनिवार शाम को हुई।

कोटी कॉलोनी से पहुंची एसडीआरएफ की एक टीम ने शाम करीब पौने आठ बजे बचाव अभियान शुरू किया और सभी मेहमानों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, क्योंकि ऊंची लहरों और तेज हवाओं के कारण ये झोपड़ियां बहने लगी थीं।

इस घटना की तुलना 30 अप्रैल को जबलपुर में हुई क्रूज दुर्घटना से की जाने लगी। मध्यप्रदेश के जबलपुर में बरगी बांध में इसी तरह के तूफान के दौरान एक क्रूज पलटने से 13 लोगों की मौत हो गई थी।

अधिकारियों ने बताया कि टिहरी में एसडीआरएफ के समय पर हस्तक्षेप से जबलपुर जैसी त्रासदी दोबारा होने से बच गई।

कार्यवाहक जिलाधिकारी वरुण अग्रवाल ने रविवार को तकनीकी खराबी की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए और घटनास्थल पर सभी परिचालन निलंबित कर दिए।

टिहरी के उप-मंडल मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में गठित पांच-सदस्यीय जांच समिति चार दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। समिति संरचनात्मक त्रुटियों और सुरक्षा प्रोटोकॉल की कमी की जांच करेगी।

अग्रवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद कहा, ‘‘इन ‘फ्लोटिंग हट्स’ के संचालन के लिए फिलहाल कोई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) नहीं है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि तूफान के कारण धुरी के जोड़ टूट गए थे।’’

उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने 2015-16 में 22 ‘फ्लोटिंग हट्स’ का निर्माण किया था। निजी कंपनी ले रॉय 2020-21 से सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत इस व्यवस्था का प्रबंधन कर रही है।

टिहरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने बताया कि पर्यटन विभाग और संचालक, दोनों में से किसी ने भी स्थानीय पुलिस को आपात स्थिति की सूचना नहीं दी।

प्रशासन ने अब झील में सभी नाव संचालकों को लगातार मौसम संबंधी चेतावनियों के मद्देनजर हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश