आम आदमी पार्टी के जनता से किए गए वादों पर श्वेत पत्र लाए पंजाब सरकार : नायब सिंह सैनी

Ads

आम आदमी पार्टी के जनता से किए गए वादों पर श्वेत पत्र लाए पंजाब सरकार : नायब सिंह सैनी

  •  
  • Publish Date - May 3, 2026 / 10:29 PM IST,
    Updated On - May 3, 2026 / 10:29 PM IST

लुधियाना, तीन मई (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल से पंजाब की जनता से किए गए ‘‘बड़े-बड़े वादों’’ और उनके कार्यान्वयन पर एक श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।

कश्यप समाज के राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सैनी ने दावा किया, ‘‘महिलाओं को वादा किए गए 1,000 रुपये मासिक भत्ते का एक भी रुपया नहीं दिया गया है। मान सरकार को जनता को यह भी बताना चाहिए कि उसके कार्यकाल में कितनी नौकरियां दी गईं और कितने कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए।’’

आम आदमी पार्टी सरकार की ‘‘हर मोर्चे पर विफलता’’ का आरोप लगाते हुए सैनी ने कहा कि उद्योगपति चिंतित हैं, क्योंकि उद्योग दूसरे राज्यों में स्थानांतरित हो रहे हैं।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया, ‘‘पंजाब में गुंडों का राज है। कानून व्यवस्था चरमरा गई है। जबरन वसूली और हत्याएं बेरोक-टोक बढ़ रही हैं। किसान, व्यापारी, कर्मचारी, मजदूर समेत हर कोई कठिनाइयों का सामना कर रहा है।’’

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप