तेलंगाना सीआईडी ने 792 करोड़ रुपये के घोटाले में फाल्कन समूह के पूर्व सीओओ को गिरफ्तार किया

Ads

तेलंगाना सीआईडी ने 792 करोड़ रुपये के घोटाले में फाल्कन समूह के पूर्व सीओओ को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 10:57 AM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 10:57 AM IST

हैदराबाद, 26 फरवरी (भाषा) तेलंगाना सीआईडी ने 792 करोड़ रुपये के निवेश “धोखाधड़ी” मामले के सिलसिले में फाल्कन समूह के पूर्व मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) को गिरफ्तार किया है।

अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) की अतिरिक्त महानिदेशक चारू सिन्हा ने एक विज्ञप्ति में कहा कि इस जुर्म में सक्रिय भूमिका निभाने वाले विकास कुमार सखारे को बुधवार को उनके घर से गिरफ्तार किया गया।

यह मामला आरोपियों द्वारा फाल्कन इनवॉइस डिस्काउंटिंग एप्लीकेशन बनाकर निवेशकों को “धोखा” देने से संबंधित है।

आरोप है कि इस मामले में 7,056 लोगों से करीब 4,215 करोड़ रुपये इकट्ठा किए गए और इनमें से 4,065 लोगों से फाल्कन इनवॉइस डिस्काउंटिंग ऐप के तहत काम करने वाली कैपिटल प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड ने 792 करोड़ रुपये की ठगी की।

पीड़ितों की शिकायतों पर, साइबराबाद पुलिस आयुक्तालय के आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और तेलंगाना राज्य वित्तीय प्रतिष्ठान निवेशक संरक्षण अधिनियम, 1999 की संबंधित धाराओं के तहत तीन मामले दर्ज किए गए और बाद में आगे की जांच के लिए उन्हें सीआईडी को हस्तांतरित कर दिया गया।

आरोपी कंपनी और उसके निदेशकों के खिलाफ देश भर में 10 और मामले दर्ज किए गए।

विज्ञप्ति के अनुसार आरोपी 27 के तौर पर नामित सखारे ने मुख्य आरोपी फाल्कन ग्रुप ऑफ कंपनीज के प्रबंध निदेशक अमर दीप कुमार और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर जमाकर्ताओं को आकर्षित किया और धोखा दिया।

भाषा वैभव मनीषा

मनीषा