हैदराबाद, एक जून (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने सोमवार को कहा कि तेलंगाना सरकार केंद्र से ‘रामागुंडम फर्टिलाइजर्स’ संयंत्र में उत्पादित यूरिया की पूरी मात्रा राज्य को आवंटित करने का आग्रह करेगी।
‘रामागुंडम उर्वरक एवं रासायनिक लिमिटेड’ तेलंगाना के पेद्दापल्ली जिले के रामागुंडम शहर में स्थित है।
रेड्डी ने मानसून की तैयारियों पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य सरकार रामागुंडम संयंत्र से यूरिया के संपूर्ण उत्पादन के आवंटन के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखेगी।
एक सरकारी बयान में कहा गया है कि रेड्डी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मौजूदा अल नीनो परिस्थितियों को देखते हुए कम वर्षा की संभावना के बारे में किसानों के बीच जागरूकता पैदा करें।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को प्रशांत महासागर में बढ़ते तापमान से संबंधित मौसम संबंधी घटना, अल नीनो पर एक प्रस्तुति दी।
रेड्डी ने सुझाव दिया कि किसानों को कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों के बारे में शिक्षित किया जाए और फसल विविधता को प्रोत्साहित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि आपदा राहत विभाग के पास उपलब्ध 1,000 करोड़ रुपये की धनराशि का उपयोग नियमों के अनुसार किया जाए।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि रेड्डी ने आपदाओं के दौरान अधिकारियों द्वारा त्वरित प्रतिक्रिया की आवश्यकता पर जोर दिया ताकि मानव जीवन, पशुधन और संपत्ति के नुकसान को कम किया जा सके।
भाषा तान्या रंजन
रंजन