तेलंगाना की मंत्री सुरेखा के पूर्व ओएसडी पर एक रियल स्टेट कारोबारी से ‘मारपीट’ का मामला दर्ज
तेलंगाना की मंत्री सुरेखा के पूर्व ओएसडी पर एक रियल स्टेट कारोबारी से ‘मारपीट’ का मामला दर्ज
हैदराबाद, 21 अगस्त (भाषा) तेलंगाना की मंत्री कोंडा सुरेखा के पूर्व विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) के खिलाफ एक रियल एस्टेट कारोबारी के साथ कथित तौर पर मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रियल एस्टेट कारोबारी की शिकायत के आधार पर 20 अगस्त को मेदिपल्ली थाने में पूर्व ओएसडी सुमंत और उनके साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 (हत्या की कोशिश) के तहत शून्य प्राथमिकी (अपराध की जगह की परवाह किए बिना दर्ज की गई प्राथमिकी) दर्ज की गई।
अधिकारी ने बताया कि थाना क्षेत्र के आधार पर इस मामले को जुबली हिल्स थाना स्थानांतरित कर दिया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 30 जुलाई को जुबली हिल्स नाके के पास सुमंत और उनके साथियों ने उसे डंडों और लोहे की छड़ से पीटा, जिससे उसके बाएं हाथ की हड्डी टूट गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, सुमंत ने शिकायतकर्ता से उसके (सुमंत के) नाम का इस्तेमाल करके पैसे वसूलने के बारे में सवाल किया था। जब शिकायतकर्ता ने इससे इनकार किया, तो सुमंत और उसके साथियों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की।
भाषा सुरभि दिलीप
दिलीप

Facebook


