तेलंगाना पुलिस ने छह लोगों की हत्या के आरोपी को पकड़ने के लिए 12 दल गठित किए

तेलंगाना पुलिस ने छह लोगों की हत्या के आरोपी को पकड़ने के लिए 12 दल गठित किए

तेलंगाना पुलिस ने छह लोगों की हत्या के आरोपी को पकड़ने के लिए 12 दल गठित किए
Modified Date: July 12, 2026 / 05:35 pm IST
Published Date: July 12, 2026 5:35 pm IST

हैदराबाद, 12 जुलाई (भाषा) तेलंगाना पुलिस ने रंगारेड्डी जिले में छह लोगों की हत्या के आरोपी को पकड़ने के लिए 12 दल गठित कर एक व्यापक तलाश अभियान शुरू किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम मामले के आरोपी पी. राजकुमार (35) ने शुक्रवार देर रात अपनी पत्नी एवं दो बच्चों तथा एक अन्य परिवार के तीन सदस्यों की कथित तौर पर हत्या कर दी थी।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ इस वर्ष मई में एक नाबालिग लड़की का पीछा करने और उसे परेशान करने के आरोप में पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह मामला लड़की के परिवार की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बताया कि राजकुमार को हाल में इस मामले में अग्रिम जमानत मिली थी।

फ्यूचर सिटी पुलिस आयुक्त तरुण जोशी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अब तक मिली तकनीकी जानकारी, अन्य सुरागों और विवरण के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश अलग-अलग स्थानों पर कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस ने 12 टीमें गठित की हैं और आरोपी को पकड़ने के लिए व्यापक स्तर पर तलाश अभियान शुरू किया है। उसकी तलाश की जा रही है और हम उसे पकड़ लेंगे।’’

आरोपी की तस्वीर सार्वजनिक कर पुलिस ने ऐलान किया है कि जो भी उसे गिरफ्तार करने में मदद पहुंचाने वाली सूचना देगा, उसे दो लाख रुपये का इनाम दिया जायेगा।

पुलिस के अनुसार, राजकुमार ने हंसिया और चाकू से छह लोगों का गला रेत दिया।

पुलिस ने बताया कि इन हत्याओं के तुरंत बाद, आरोपी ने अपने पिता को फ़ोन किया और अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि वह अपनी जान देने जा रहा है। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फ़ोन बंद कर लिया।

इसके बाद आरोपी के माता-पिता ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। राजकुमार मौके से फरार हो गया। वह अब भी फरार है।

हत्याओं के मकसद के बारे में पूछे जाने पर जांचकर्ताओं ने बताया कि इसका अभी तक पता नहीं चल सका है।

राजकुमार के परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि उसे ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए की लत थी तथा उसने कर्ज ले रखा था, जिससे उन्हें लगता है कि वह बहुत तनाव में था।

पुलिस ने बताया कि राजकुमार ने जमीन बेचकर अपने कर्ज का एक बड़ा हिस्सा चुका दिया था।

जांच के दौरान पता चला कि बढ़ते कर्ज के कारण उसने पिछले साल अक्टूबर में ज़हर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी।

भाषा राजकुमार सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में