हैदराबाद, 26 जनवरी (भाषा) तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने 72 वें गणतंत्र दिवस समारोह का राज्य में नेतृत्व करते हुए मंगलवार को कहा कि कोविड-19 महामारी के चलते पिछला साल मुश्किलों भरा रहने के बाद 2021 की शुरूआत टीकाकरण अभियान के साथ हुई और यह वर्ष ढेर सारी उम्मीदों के साथ शुरू हुआ है।
राज्य में गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह से मनाया गया और राज्यपाल ने यहां मुख्य कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया।
उन्होंने इस अवसर पर लोगों से कहा कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार की समन्वित कोशिशों के जरिए तेलंगाना में कोविड-19 के प्रसार को रोकने में सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि स्वेदशी टीका कोवैक्सीन विकसित किये जाने की प्रक्रिया की समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यहां स्थित भारत बायोटेक का दौरा करने से इस प्रक्रिया को तेज करने में मदद मिली।
राज्य में कोविड-19 से होने वाली मृत्य की दर 0.54 प्रतिशत है जबकि इसका राष्ट्रीय औसत 1.4 प्रतिशत है।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश