उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार होने का पूर्वानुमान

उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार होने का पूर्वानुमान

उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार होने का पूर्वानुमान
Modified Date: May 19, 2026 / 12:11 am IST
Published Date: May 19, 2026 12:11 am IST

देहरादून, 18 मई (भाषा) उत्तराखंड सरकार ने राज्य के मैदानी इलाकों में आगामी कुछ दिनों में तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस या अधिक इससे अधिक होने के पूर्वानुमान के मद्देनजर सभी जिलों में आवश्यक तैयारियों का निर्देश दिया है। देहरादून मौसम केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों, विशेष रूप से हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर तथा देहरादून में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहने की संभावना है ।

मौसम केंद्र के अनुसार, देहरादून में सोमवार को अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।

पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार को हरिद्वार में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार होने का पूर्वानुमान जताया गया है जबकि उधम सिंह नगर, देहरादून, नैनीताल एवं पौड़ी गढ़वाल में तापमान 35-40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

वहीं टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चंपावत तथा चमोली में तापमान 30-35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना व्यक्त की गयी है ।

मौसम विभाग के अनुसार 20, 21 और 22 मई को हरिद्वार एवं ऊधम सिंह नगर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने की संभावना है, जबकि देहरादून, नैनीताल एवं पौड़ी गढ़वाल में यह 35-40 डिग्री सेल्सियस तथा टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चम्पावत एवं निचले पर्वतीय क्षेत्रों में 30-35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि अत्यधिक गर्मी को देखते हुए आमजन को आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाए तथा दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने का परामर्श जारी किया जाए।

स्वास्थ्य विभाग को भी ‘हीट स्ट्रोक’, ‘डिहाइड्रेशन’ एवं गर्मी से संबंधित बीमारियों से निपटने के लिए अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।

भाषा दीप्ति जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में