दिल्ली में आतंकी साजिश : बांग्लादेशी नागरिक समेत आठ संदिग्ध गिरफ्तार
दिल्ली में आतंकी साजिश : बांग्लादेशी नागरिक समेत आठ संदिग्ध गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 22 फरवरी (भाषा) पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और बांग्लादेश स्थित चरमपंथी संगठनों के इशारे पर दिल्ली में एक बड़ी आतंकी साजिश रचने के आरोप में आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि तमिलनाडु के विभिन्न हिस्सों से छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें पूछताछ के लिए दिल्ली लाया जाएगा। गिरफ्तार किए गए कुछ व्यक्ति बांग्लादेशी नागरिक बताए जा रहे हैं।
इससे पहले इसी मामले से संबंधित कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया था।
केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने यह सूचना दी थी कि पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने कथित तौर पर भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की साजिश रची है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने शनिवार को यहां लाल किले के पास विस्फोट की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया था।
सूत्रों ने बताया कि यह अभियान देश के विभिन्न हिस्सों में विध्वंसक गतिविधियों की योजना बना रहे एक संदिग्ध मॉड्यूल के बारे में मिली विशिष्ट खुफिया जानकारी के बाद चलाया गया था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने संदिग्धों के कब्जे से दर्जनों मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए, जिनकी नेटवर्क के विस्तार और संभावित विदेशी संबंधों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह समूह पाकिस्तान की आईएसआई और बांग्लादेश स्थित कुछ संगठनों से जुड़े लोगों के संपर्क में था।
सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसियां जांच में मदद कर रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, खुफिया एजेंसियों ने संकेत दिया था कि लश्कर-ए-तैयबा ‘इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस’ (आईईडी) से हमले को अंजाम देने की कोशिश कर सकता है। यह कथित योजना आतंकी समूह द्वारा छह फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में एक मस्जिद में हुए विस्फोट का बदला लेने के प्रयासों से जुड़ी है।
सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी अलर्ट 10 नवंबर, 2025 को ऐतिहासिक लाल किले के पास हुए घातक कार विस्फोट की पृष्ठभूमि में जारी किया गया, जिसमें कम से कम 13 लोग मारे गए और 20 से अधिक लोग घायल हो गए थे।
यह धमाका तब हुआ जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास विस्फोटकों से भरी एक कार में विस्फोट हो गया, जिससे आसपास खड़ी कई गाड़ियां जल गईं और घनी आबादी वाले इलाके में दहशत फैल गई।
भाषा गोला सिम्मी
सिम्मी

Facebook


