दिल्ली में राशन कार्ड आवेदन हेतु सालाना पारिवारिक आय की सीमा बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये की गयी

Ads

दिल्ली में राशन कार्ड आवेदन हेतु सालाना पारिवारिक आय की सीमा बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये की गयी

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 10:22 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 10:22 PM IST

नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) दिल्ली सरकार ने राशन कार्ड के लिए आवेदन करने वाले परिवारों की वार्षिक आय सीमा 1.2 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये कर दी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली सरकार के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभाग ने 13 जुलाई को दिल्ली खाद्य सुरक्षा (संशोधन) नियम, 2026 अधिसूचित किए।

संशोधित नियम-3 के अनुसार, 2.5 लाख रुपये तक की वार्षिक पारिवारिक आय वाले परिवारों को प्राथमिकता श्रेणी में शामिल किए जाने के लिए पात्र माना जाएगा।

इससे पहले यह सीमा 1.2 लाख रुपये थी।

विभाग ने राशन कार्ड के लिए नए आवेदन लेने की प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी है। मई में शुरू हुई यह प्रक्रिया अभी जारी है, लेकिन आय सीमा को लेकर स्पष्टता नहीं होने के कारण आवेदन अपेक्षाकृत कम आ रहे थे।

दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘अब आवेदन प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है, क्योंकि वार्षिक आय सीमा दोगुने से अधिक कर दी गई है। इसका मतलब है कि 25,000 रुपये से अधिक मासिक आय वाले और अन्य पात्रता शर्तें पूरी करने वाले लोग भी राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकेंगे।’

भाषा

राखी माधव

माधव