गायक जुबिन की मौत के मामले में आरोप तय करने के लिए सुनवाई के दौरान असम सरकार ने दलीलें रखीं

Ads

गायक जुबिन की मौत के मामले में आरोप तय करने के लिए सुनवाई के दौरान असम सरकार ने दलीलें रखीं

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 06:52 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 06:52 PM IST

गुवाहाटी, 17 अप्रैल (भाषा) गायक जुबिन गर्ग की मौत मामले में विशेष त्वरित अदालत के समक्ष शुक्रवार को आरोप तय करने के लिए सुनवाई के दौरान महाधिवक्ता देवजीत सैकिया ने असम सरकार की ओर से अपनी दलीलें पेश कीं।

उन्होंने कहा कि सरकार को अपनी दलीलें पेश करने में छह से सात दिन का समय लग सकता है ताकि कोई कमी न रह जाए।

अदालत में पेश होने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सैकिया ने कहा, ‘‘आरोप तय करने के लिए सुनवाई पिछले 15 दिनों से जारी है। मैंने असम सरकार की ओर से दलीलें शुरू की हैं, और हमारी टीम इसे आगे बढ़ाएगी।’’

उन्होंने कहा कि बचाव पक्ष के कुछ वकीलों ने अदालत में केंद्र से असम सरकार को मिली मंजूरी के संबंध में एक ‘‘तकनीकी मुद्दा’’ उठाया था, क्योंकि यह मामला सिंगापुर में गर्ग की मौत से जुड़ा है।

सैकिया ने कहा, ‘‘मैंने अपनी दलीलें पेश की हैं कि मंजूरी लेने में कोई चूक नहीं हुई है। अब माननीय न्यायालय को इस पर निर्णय लेना है।’’

मामले के शेष आरोपों के संबंध में उन्होंने कहा कि विशेष लोक अभियोजक जियाउर कमर और उनकी टीम दलीलें पेश करेगी।

गर्ग की 19 सितंबर को लाजारूस द्वीप के पास तैराकी के समय डूब जाने से मौत हो गई थी। यह घटना ऐसे समय में हुई जब उन्हें एक दिन बाद सिंगापुर में ‘नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल’ में प्रस्तुति देनी थी।

भाषा

शफीक अविनाश

अविनाश