जम्मू, आठ अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को जम्मू के पास स्थित सीमावर्ती गांव बिश्नाह की सड़कों पर सुबह ‘जॉगिंग’ की और लोगों ने सेहत के प्रति उनकी संजीदगी को सराहते हुए स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की बात कही।
दो सप्ताह पहले जम्मू हाफ मैराथन में भाग लेने वाले मुख्यमंत्री की सुबह की दौड़ को व्यापक रूप से मादक पदार्थों के खतरे के खिलाफ एक संदेश के रूप में देखा गया है।
उमर अब्दुल्ला को सुरक्षा टीम के साथ जम्मू एयरपोर्ट रोड पर सुबह-सुबह दौड़ते देख लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया जताई। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपना उत्साह और खुशी व्यक्त की।
मुख्यमंत्री की सुबह की दौड़ जल्द ही इलाके में चर्चा का विषय बन गई और लोग उनकी झलक पाने के लिए घरों से निकल आए। कई लोग मोबाइल से फोटो लेते हुए और वीडियो बनाते हुए भी दिखे।
मुख्यमंत्री का एक वीडियो फेसबुक पर देखने के बाद एक सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने पोस्ट किया, ‘हम सभी के लिए संदेश: आइए हम अपनी दिनचर्या में सुबह की दौड़ जैसी गतिविधियों को शामिल करके स्वास्थ्य और फिटनेस को प्राथमिकता दें। अच्छा स्वास्थ्य मायने रखता है, और यह हमारे समग्र कल्याण और उत्पादकता में फर्क लाता है।’
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने अब्दुल्ला की फिटनेस की प्रशंसा की, उनकी सक्रिय जीवनशैली की सराहना की और उनकी सुबह की दौड़ को प्रेरक और अनुकरणीय बताया।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश