बंगाल प्रदेश भाजपा की कोर समिति ने लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन पर चर्चा की
बंगाल प्रदेश भाजपा की कोर समिति ने लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन पर चर्चा की
कोलकाता, 15 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई की कोर समिति की शनिवार को एक बैठक हुई जहां हाल के लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन तथा पार्टी कार्यकर्ताओं पर चुनाव बाद ‘हमले’ पर चर्चा हुई। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी।
दो केंद्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में बंद कमरे में हुई बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर, प्रदेश पार्टी महासचिव अग्निमित्रा पॉल एवं पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी ने हिस्सा लिया।
भाजपा ने पश्चिम बंगाल में 12 लोकसभा सीट जीती है जबकि तृणमूल कांग्रेस को 29 एवं कांग्रेस को एक सीटी मिली है।
पार्टी के नेता ने बताया कि चार विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस की गड़बड़ी तथा धमकियों को विफल करने के लिए भाजपा द्वारा अपनाये जाने वाली रणनीति पर भी चर्चा की गयी।
बैठक में हिस्सा लेने वाले एक नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में तृणमूल आतंक के कारण बेघर हुए सैंकड़ों पार्टी समर्थकों के साथ खड़ा रहना हमारी प्राथमिकता है और पार्टी अपनी पूरी ताकत के साथ अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी रहेगी। एक-एक मतदान केंद्र के विश्लेषण से सामने आया कि भाजपा कोलकाता एवं दक्षिण बंगाल समेत शहरी क्षेत्रों में कई मतदान केंद्रों पर आगे थी। हमें अपनी ताकत को और मजबूत करने तथा लोगों तक पहुंचने की जरूरत है।’’
हालांकि विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी एवं पूर्व सांसद दिलीप घोष बैठक में अनुपस्थित रहे।
एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि घोष और अधिकारी को आना था लेकिन वे आ नहीं सके क्योंकि उनका हमलों के शिकार हुए पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से मिलने का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम था।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव

Facebook


