माकपा की समीक्षा में स्वीकार किया गया, चुनाव प्रचार बहुत अधिक विजयन केंद्रित था

Ads

माकपा की समीक्षा में स्वीकार किया गया, चुनाव प्रचार बहुत अधिक विजयन केंद्रित था

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 02:51 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 02:51 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 28 जुलाई (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने स्वीकार किया है कि केरल में उसका विधानसभा चुनाव प्रचार उस समय के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर बहुत अधिक केंद्रित हो गया था। उसने कहा कि इस रणनीति ने अनजाने में विरोधियों को चुनाव को राजनीतिक मुकाबले के बजाय व्यक्तिगत मुकाबले में बदलने का मौका दिया।

यह बात पार्टी की ‘विधानसभा चुनाव परिणामों की समीक्षा’ का हिस्सा है, जिसे केरल राज्य सचिवालय और राज्य समिति में हुई चर्चा के बाद 11 से 13 जुलाई, 2026 तक हुई केंद्रीय समिति की बैठक में अपनाया गया था।

समीक्षा में कहा गया, ‘‘एक धारणा व्याप्त थी कि पूरा चुनाव प्रचार एक ही व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमता था।’’

पोलित ब्यूरो के सदस्य विजयन का ज़िक्र करते हुए, इसमें कहा गया कि उन्होंने सरकार का नेतृत्व अच्छी तरह किया था, लेकिन ‘‘प्रचार अभियान को व्यक्तिगत रूप प्रदान करके और इसे कॉमरेड पिनराई विजयन के इर्द-गिर्द केंद्रित करके, हमने अनजाने में यूडीएफ को उनके खिलाफ लक्षित अभियान चलाने का मौका दे दिया।’’

इसमें एलडीएफ की विफलता के लिए पार्टी और सरकार के बीच मजबूत तालमेल की कमी का भी जिक्र किया गया है।

इसमें कहा गया है कि चुनाव प्रचार में एलडीएफ सरकार की कामयाबियों को सही तरीके से रेखांकित किया गया था, लेकिन मौजूदा संघीय ढांचे में सरकार किन सीमाओं के तहत काम करती है, यह ठीक से समझाया नहीं जा सका।

माकपा ने माना कि उसके पारंपरिक समर्थन आधार में शामिल मजदूरों, खेतिहर श्रमिकों और गरीब किसानों, ने चुनावों में वाम दलों को वोट नहीं दिया।

भाषा वैभव अविनाश

अविनाश