कमल हासन-रजनीकांत की फिल्म ‘धर्मन’ का पहला लुक जारी, 40 साल पुराना वादा पूरा

Ads

कमल हासन-रजनीकांत की फिल्म ‘धर्मन’ का पहला लुक जारी, 40 साल पुराना वादा पूरा

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 05:36 PM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 05:36 PM IST

चेन्नई, 24 जून (भाषा) सुपरस्टार रजनीकांत की 173वीं फिल्म का शीर्षक और पहली झलक बुधवार को फिल्म का काम आधिकारिक रूप से शुरू करने संबंधी एक समारोह एवं पूजा कार्यक्रम के दौरान जारी किया गया।

तमिल सिनेमा में इसे एक ‘ऐतिहासिक सहयोग’ के रूप में देखा जा रहा है। यह फिल्म अभिनेता-निर्माता कमल हासन के प्रोडक्शन बैनर के तले बन रही है।

इस फिल्म का नाम ‘धर्मन’ रखा गया है, जिसका निर्माण हासन के प्रोडक्शन हाउस ‘राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल’ (आरकेएफआई) और आर. महेंद्रन द्वारा किया जा रहा है।

इस फिल्म का निर्देशन ‘ओह माई कडवुले’ और ‘ड्रैगन’ फेम निर्देशक अश्वथ मारीमुथु कर रहे हैं। फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर तैयार कर रहे हैं। इसमें सिमरन और राशि खन्ना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी।

इस कार्यक्रम में हासन ने रजनीकांत के साथ अपनी पांच दशक लंबी दोस्ती को याद किया और उन दोनों के बीच दशकों पहले किए गए एक वादे का भी जिक्र किया।

हासन ने कहा, “लगभग 40 साल पहले, बॉम्बे की एक उड़ान के दौरान हमने यह फैसला किया था कि हम दोनों को साथ में एक फिल्म करनी चाहिए, जिसमें या तो वह निर्माता होंगे या मैं। और यह आज हकीकत बन रहा है।”

रजनीकांत ने 1970 के दशक से अब तक लगातार समर्थन और प्रोत्साहन देने के लिए कमल हासन का आभार जताया।

उन्होंने बताया, “कमल ने मुझे पूरी आज़ादी दी और कहा कि वह सब कुछ मुझ पर छोड़ देंगे तथा कहानी भी नहीं पूछेंगे। इससे मेरे ऊपर बड़ी जिम्मेदारी आ गई।”

निर्देशक मरिमुथु ने स्पष्ट किया कि ‘धर्मन’ एक मनोरंजक और पारिवारिक थ्रिलर फिल्म होगी। उन्होंने बताया कि रजनीकांत का किरदार एक डॉक्टर का है।

यह कार्यक्रम में तमिल फिल्म जगत की कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी में आयोजित किया गया, जिनमें निर्माता कलैपुली एस. थानु और जी. के. एम. तमिल कुमारन तथा निर्देशक लिंगुसामी और आर. के. सेल्वामणि शामिल थे। कार्यक्रम में पारंपरिक क्लैपबोर्ड के साथ फिल्म की आधिकारिक शूटिंग भी शुरू की गई।

भाषा प्रचेता मनीषा

मनीषा