देहरादून, आठ जुलाई (भाषा) उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सरकार की ‘जनविरोधी नीतियों’ के खिलाफ जनता को जागरूक करने के लिए पूरे राज्य में निकाली गई कांग्रेस की 10 दिवसीय ‘परिवर्तन संकल्प’ यात्रा का पहला चरण बुधवार को संपन्न हो गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि राज्य के 10 पर्वतीय जिलों में निकाली गयी यात्रा और विभिन्न जगहों पर किए गए ‘परिवर्तन संकल्प’ सम्मेलनों के दौरान जनता में भारी उत्साह देखने को मिला जो इस बात का संकेत है कि आगामी चुनाव के बाद राज्य में बदलाव निश्चित है।
गोदियाल ने यात्रा के पहले चरण को ‘अत्यंत सफल’ बताते हुए कहा, “प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, सरकार की दबंगई, तानाशाही, झूठ तथा बेवकूफ बनाए जाने से लोग परेशान हो गए हैं। वे अब परिवर्तन चाहते हैं।”
उन्होंने कहा कि अपनी परेशानियों के हल के रूप में लोगों को वर्तमान सरकार का विकल्प कांग्रेस में ही दिखाई दे रहा है।
विभिन्न जगहों पर 29 जून से आयोजित इन कार्यक्रमों का नेतृत्व गोदियाल के अलावा, चकराता के विधायक एवं कांग्रेस की प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने किया।
गोदियाल ने बताया कि इस दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में कांग्रेस नेताओं व सदस्यों ने दस हजार किलोमीटर से अधिक यात्रा की तथा हजारों लोगों से मुलाकात व संवाद किया।
उन्होंने कहा कि इस अवधि में करीब 30 से अधिक बड़े सम्मेलनों के अलावा अनेक छोटी—छोटी सभाएं भी की गईं।
उन्होंने बताया कि ‘परिवर्तन संकल्प’ यात्रा के दूसरे चरण की शुरूआत 20 जुलाई के बाद की जाएगी जिसके तहत देहरादून, उधमसिंह नगर और हरिद्वार के मैदानी इलाकों में व्यापक स्तर पर लोगों से संपर्क करके उन्हें वर्तमान सरकार की नाकामियों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
भाषा दीप्ति
जोहेब
जोहेब