अलीपुर स्थित सरकारी अतिथि गृह पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास होगा
अलीपुर स्थित सरकारी अतिथि गृह पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास होगा
कोलकाता, 10 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अपने कोलकाता स्थित आवास से अलीपुर के एक सरकारी अतिथि गृह में स्थानांतरित होंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
दक्षिण कोलकाता के जजेस कोर्ट रोड पर स्थित सरकारी अतिथि गृह ‘सौजन्य’ का निर्माण पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान अतिविशिष्ट लोगों और राजकीय अतिथियों के ठहरने के लिए किया गया था। इस अतिथि गृह का उद्घाटन 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया था।
अब तक, शुभेंदु अधिकारी कोलकाता यात्राओं के दौरान शहर के उत्तरी बाहरी इलाके में स्थित चिनार पार्क क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में ठहरते थे। भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण के बाद, उन्हें अलीपुर अतिथि गृह में स्थानांतरित करने के लिए तैयारी चल रही है।
यह अतिथि गृह बनर्जी के घर से लगभग एक किलोमीटर दूर है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री कार्यालय की आवश्यकताओं और सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार ‘सौजन्य’ में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।’’
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के औपचारिक रूप से आधिकारिक निवास पर स्थानांतरित होने की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
पूर्वी मेदिनीपुर जिले के कांथी निवासी शुभेंदु अधिकारी, पिछले 55 वर्षों में कोलकाता के बाहर से आने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं।
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री के लिए आधिकारिक रूप से नामित कोई आवास नहीं है। बनर्जी, बुद्धदेव भट्टाचार्य, ज्योति बसु और सिद्धार्थ शंकर राय सहित सभी पूर्व मुख्यमंत्री कोलकाता निवासी थे और अपने घरों से ही कार्य करते थे।
भाषा शफीक नरेश
नरेश

Facebook


