नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने संपन्न परिवारों के घरों में चोरी करने वाले घरेलू सहायकों के गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बिहार के मधुबनी के निवासी आरोपी राजू मुखिया (38) को द्वारका के नांगली इलाके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि मुखिया दिल्ली और हरियाणा में दर्ज कम से कम चार आपराधिक मामलों में वांछित था और जमानत मिलने के बावजूद बार-बार अदालती कार्यवाही से बच रहा था जिसके बाद उसे तीन मामलों में भगोड़ा घोषित कर दिया गया था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘मुखिया एक सुसंगठित गिरोह का सरगना है जो संपन्न परिवारों के घरों में घरेलू सहायकों के रूप में अपने सदस्यों को भेजकर चोरियां करता था। लोगों का विश्वास जीतने के बाद चोरी को अंजाम देते थे।’
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एक टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ लिया।
अधिकारी ने बताया, ‘एक मामले में, गिरोह सदस्यों ने राजौरी गार्डन स्थित एक घर में घरेलू सहायक के रूप में काम करने के बाद 25-30 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और नकदी चुरा ली। गुरुग्राम में हुई एक अन्य घटना में, पीड़ित को कथित तौर पर नशीली दवा देकर लगभग एक करोड़ रुपये की कीमती वस्तुएं चुराई गईं।’
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान मुखिया ने खुलासा किया कि उसने इस तरह के अपराधों को अंजाम देने के लिए विभिन्न राज्यों में घरेलू सहायकों का एक गिरोह बनाया था। पुलिस ने बताया कि अन्य साथियों की पहचान करने और मामलों की कड़ियां जोड़ने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान
नोमान पवनेश
पवनेश