दिल्ली में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

दिल्ली में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

दिल्ली में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
Modified Date: December 13, 2024 / 11:16 am IST
Published Date: December 13, 2024 11:16 am IST

नयी दिल्ली, 13 दिसंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था और यह इस सर्दी के मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान था।

मौसम विभाग ने कहा, ‘‘न्यूनतम तापमान में वृद्धि स्थानीय है और इसका कारण हवा की बदलती स्थिति है। उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं हुआ है।’’

पटियाला, करनाल, रोहतक, दिल्ली, सीकर, अलवर और फलौदी सहित उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ स्थानों पर ही न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस से अधिक की वृद्धि हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारतीय मैदानी इलाकों में केवल सीकर, रोहतक, फलौदी और सफदरजंग स्टेशन पर ही तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में शीत लहर की स्थिति दर्ज नहीं की गई।

मौसम विभाग ने दिन में आसमान साफ ​​रहने तथा अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

राष्ट्रीय राजधानी में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 273 के साथ ‘खराब’ श्रेणी में रहा।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में