दिल्ली पुलिस ने कुख्यात अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया
दिल्ली पुलिस ने कुख्यात अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया
नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) बाहरी उत्तरी दिल्ली में हत्या की कोशिश, झपटमारी व लूट समेत 39 मामलों में शामिल एक कुख्यात अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि अपराधी की पहचान इरशाद अली उर्फ शंकर अली के तौर पर हुई है। पुलिस ने कहा कि मुठभेड़ के दौरान अली के पैर में गोली लगी है।
अधिकारी ने बताया कि बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात में नरेला औद्योगिक क्षेत्र के सन्नोथ गांव के पास अली को रुकने का इशारा किया गया तो उसने पुलिस पर कथित रूप से गोलीबारी की।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बदमाश ने पुलिस कर्मियों पर दो गोलियां चलाईं।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में चार गोलियां चलाईं जिसमें से एक गोली अली के पैर में लगी और फिर उसे काबू कर लिया गया। घटना में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।
पुलिस ने बताया कि अली को जख्मी हालत में नरेला के राजा हरिशचंद्र अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे बाद में रोहिणी के डॉ बीएसए अस्पताल भेज दिया गया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उसके पास से चोरी की एक बाइक बरामद की गई है जो नरेला इलाके से चुराई गई थी।
उनके मुताबिक, अली अदातन अपराधी है और उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह झपटमारी, लूट, हत्या की कोशिश, सरकारी कर्मी पर हमला और सशस्त्र अधिनियम समेत 39 मामलों में शामिल रहा है।
पुलिस ने बताया कि पुलिस दल पर गोलीबारी के संबंध में नरेला औद्योगिक थाने में नई प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश

Facebook


