भारत में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 2.16 लाख रह गई है

भारत में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 2.16 लाख रह गई है

भारत में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 2.16  लाख रह गई है
Modified Date: November 29, 2022 / 07:54 pm IST
Published Date: January 12, 2021 11:28 am IST

नयी दिल्ली, 12 जनवरी (भाषा) केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर मंगलवार को 2,16,558 रह गई जो संक्रमित हुए कुल लोगों का महज 2.07 प्रतिशत है।

देश में एक दिन में संक्रमण के 12,584 नए मामले सामने आ रहे हैं, जो पिछले सात महीने में सबसे कम हैं, वहीं इस अवधि में कुल मामलों में 5,968 की कमी आयी है।

देश में मंगलवार तक कोविड-19 से मुक्त हुए लोगों की संख्या 1,01,11,294 पहुंचने के साथ ही बीमारी से ठीक होने की दर बढ़कर 96.49 प्रतिशत हो गयी है। देश में कोरोना वायरस संक्रमण से एक दिन में 167 लोगों की मौत हुई है।

मंत्रालय के अनुसार, 25 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या वर्तमान में 5000 से भी कम है।

मंत्रालय ने रेखांकित किया कि ‘सम्पूर्ण सरकार’ और ‘सम्पूर्ण समाज’ के विचार पर आधारित केन्द्र के सतत, अग्रसक्रिय और समन्वत प्रयास के कारण रोजाना आने वाले नए मामलों में लगातार कमी हो रही है। इससे रोज होने वाली मौतों में भी धीरे-धीरे कमी आयी है।

जांच की सुविधाओं का विस्तार होने के कारण संक्रमण का दर भी कम हुआ है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने रेखांकित किया, ‘‘भारत में प्रति सप्ताह संक्रमण का दर 2.06 प्रतिशत है और देश में 22 ऐसे राज्य और केन्द्र शासित प्रदेश हैं जहां संक्रमण का दर राष्ट्रीय औसत से कम है।’’

मंत्रालय ने कहा, ‘‘संक्रमण मुक्त लोगों और उपचाराधीन मरीजों के बीच का अंतर बढ़ रहा है और फिलहाल यह 98,94,736 है। पिछले 24 घंटे में 18,385 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं।’’

उसका कहना है कि हाल ही में संक्रमण मुक्त हुए मरीजों में से 80.50 प्रतिशत लोग 10 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेश के हैं। महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे ज्यादा 4,286 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं, वहीं केरन में 3,922 और छत्तीसगढ़ में 1,255 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं।

वहीं संक्रमण के नए मामलों में से 70.08 प्रतिशत सात राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से हैं।

केरल में एक दिन में सबसे ज्यादा 3,110 नए मामले आए हैं, जबकि महाराष्ट्र में 2,438 और छत्तीसगढ़ में 853 लोग संक्रमित हुए हैं।

भाषा अर्पणा उमा

उमा

उमा


लेखक के बारे में