विशेषाधिकार समिति शुक्रवार को वहीद पारा के खिलाफ प्रस्ताव पर सुनवाई करेगी
विशेषाधिकार समिति शुक्रवार को वहीद पारा के खिलाफ प्रस्ताव पर सुनवाई करेगी
श्रीनगर, 23 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर विधानसभा की विशेषाधिकार समिति विशेषाधिकार हनन के एक मामले में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के विधायक वहीद पारा के खिलाफ प्रस्ताव पर सुनवाई के लिए शुक्रवार को यहां बैठक करेगी।
विधानसभा सचिवालय ने पारा को हसनैन मसूदी की अध्यक्षता वाली नौ सदस्यीय विशेषाधिकार समिति के समक्ष शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे पेश होने को कहा है।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक नजीर अहमद गुरेजी की शिकायत के आधार पर नवंबर 2024 में पारा को विशेषाधिकार हनन का नोटिस जारी किया गया था।
गुरेजी ने विपक्षी विधायक पर आठ नवंबर 2024 को उपराज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान अपने भाषण में अपमानजनक टिप्पणी करने और झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाया था।
पारा ने विधानसभा अध्यक्ष की ओर से जारी शुरुआती नोटिस का जवाब देते हुए किसी भी तरह के गलत आचरण से मना किया था।
उन्होंने नोटिस को असहमति की आवाज दबाने का प्रयास बताया था।
विधानसभा अध्यक्ष ने पारा के स्पष्टीकरण को असंतोषजनक पाए जाने के बाद मामला विशेषाधिकार समिति को भेज दिया था।
भाषा सिम्मी माधव
माधव

Facebook


