मोदी सरकार में असली संकट नेतृत्व का है, पूरा देश समझ गया : खरगे

मोदी सरकार में असली संकट नेतृत्व का है, पूरा देश समझ गया : खरगे

मोदी सरकार में असली संकट नेतृत्व का है, पूरा देश समझ गया : खरगे
Modified Date: May 23, 2026 / 12:12 pm IST
Published Date: May 23, 2026 12:12 pm IST

नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी को लेकर शनिवार को सरकार पर निशाना साधा और कहा कि मोदी सरकार में असली संकट नेतृत्व का है और यह बात अब सभी देशवासी समझ चुके हैं।

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शनिवार को एक बार फिर वृद्धि की गयी। पेट्रोल की कीमत 87 पैसे लीटर जबकि डीजल के दाम 91 पैसे प्रति लीटर बढ़ाये गये हैं।

पिछले 10 दिनों से भी कम समय में यह तीसरा मौका है जब ईंधन के दाम बढ़ाये गये हैं।

खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘पेट्रोल अब हुआ 100 रुपये पार,

अबकी बार… जनता की कमाई पर किश्तों में लूटमार। पेट्रोल-डीजल पर रोजाना 1000 रुपये करोड़ का केंद्रीय कर लगाकर भाजपा का पेट नहीं भरा… अंतरराष्ट्रीय दाम जब कम थे तब जनता को फ़ायदा नहीं पहुँचाया, उन्हें जमकर लूटा।’

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘जब संकट आया तो, चुनाव में जुट गए और चुनाव बाद त्याग का उपदेश दिया, फिर 8 दिनों में 3 बार पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़ाए।’

उन्होंने कहा, ‘हमें बताया गया कि विदेशों के मुक़ाबले भारत में दाम

सबसे कम हैं। पश्चिम एशिया में जंग शुरू होने के बाद जब मोदी जी हम भारतीयों को “सब ठीक है” की घुट्टी पिला रहे थे तब बाकि देश अपनी-अपनी जनता को राहत पहुँचा रहे थे।’

उन्होंने दावा किया, ‘इटली ने ईंधन पर एक्साइज कटौती की, जिससे उनकी जनता को राहत मिली। ऑस्ट्रेलिया ने उत्पाद शुल्क में कटौती की, जिससे नागरिकों के लिए पेट्रोल की कीमतें लगभग 17 रुपये प्रति लीटर कम हो गईं। जर्मनी ने तेल पर कर कम किया, जिससे ईंधन की कीमतें 17–19 रुपये प्रति लीटर कम हो गईं।’

उन्होंने सवाल किया, ‘नरेन्द्र मोदी जी बताइए, इस लूट की किश्त किस-किस को जा रही है? आप इतने ‘कंप्रोमाइज्ड’ क्यों हैं?’

खरगे ने दावा किया, ‘इस सरकार में नेतृत्व का संकट असली है, 140 करोड़ भारतीय अब ये समझ गए हैं।’

भाषा हक सिम्मी अमित

अमित


लेखक के बारे में