असम की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को

Ads

असम की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 11:16 AM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 11:16 AM IST

गुवाहाटी, सात मई (भाषा) असम के मुख्य सचिव रवि कोटा ने बताया कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की नव निर्वाचित सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के इस समारोह में शामिल होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह खानपारा स्थित पशु चिकित्सालय में आयोजित किया जाएगा।

कोटा ने बुधवार रात को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “ नव निर्वाचित मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री के आगामी दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के वास्ते आज (बृहस्पतिवार) असम के पुलिस महानिदेशक के साथ एक व्यापक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।”

उन्होंने बताया कि सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, आयोजन स्थल की तैयारियों, प्रोटोकॉल और अंतर-विभागीय समन्वय से संबंधित व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कोटा ने बताया, “ कार्यक्रम के सुचारू संचालन, स्थापित प्रोटोकॉल के कड़ाई से पालन और सभी हितधारकों के बीच घनिष्ठ समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया गया।”

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

आचार्य ने शर्मा से कार्यवाहक सरकार के प्रमुख के रूप में बने रहने का अनुरोध किया।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और नायब सिंह सैनी को भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए क्रमशः पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

यह चुनाव 10 मई को होने की संभावना है।

सत्ताधारी राजग ने राज्य की 126 विधानसभा सीट में से 102 पर जीत हासिल कर लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की।

भाजपा ने 82 सीट पर जीत हासिल की जबकि उसके सहयोगी दलों बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) और असम गण परिषद (एजीपी) ने 10-10 सीट पर विजय प्राप्त की।

भाषा जितेंद्र मनीषा

मनीषा