कांग्रेस सरकार के वादे व इरादे में फर्क: राठौड़

कांग्रेस सरकार के वादे व इरादे में फर्क: राठौड़

कांग्रेस सरकार के वादे व इरादे में फर्क: राठौड़
Modified Date: September 12, 2023 / 06:00 pm IST
Published Date: September 12, 2023 6:00 pm IST

जयपुर, 12 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता व सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने महिला सुरक्षा व बिजली आपूर्ति जैसे मुद्दों को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार पर मंगलवार को निशाना साधा और आरोप लगाया कि इस सरकार के वादे व इरादे में फर्क है।

पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मीडिया से राठौड़ ने कहा, ‘राज्य की कांग्रेस सरकार के वादे और इरादे में फर्क है। यदि कांग्रेस कोई वादा करती भी है, तो उसके साथ शर्त जरूर लगाती है।’

उन्होंने कहा, “राज्य सरकार ने 100 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया तो उसके साथ शर्त लगाई कि उपभोक्ता का नाम पंजीकृत होना चाहिए। फिर इन लोगों ने दिमाग लगाया कि इस मुफ्त बिजली की भरपाई कहां से करेंगे तो ईंधन पर अधिभार लगाकर वसूली करने लगे। इसके बाद राज्य में आठ-नौ घंटे तक की कटौती की गई।”

भाजपा नेता ने कहा, ‘कांग्रेस लुभावने वादे करती है और उसका इरादा कुर्सी बचाने का होता है। यदि केंद्र की (नरेन्द्र) मोदी सरकार से तुलना करें तो बीते नौ सालों में मोदी सरकार ने किसान सम्मान निधि की 14 किस्तें जारी कीं। (मोदी सरकार ने) उज्ज्वला में करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन, गरीब कल्याण योजना के तहत 80 करोड़ भारतीयों को पांच किलो मुफ्त अनाज, अनुच्छेद 370 हटाना और राम मंदिर निर्माण जैसे सभी वादे पूरे करके दिखाए।”

वहीं परिवर्तन संकल्प यात्रा के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, राज्यसभा सदस्य किरोड़ी लाल मीणा तथा सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया ने चाकसू में संवाददाता सम्मेलन किया और राज्य में बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिला अत्याचार को लेकर सवाल उठाए।

प्रदेश प्रभारी सिंह ने कहा कि परिवर्तन यात्रा को लेकर सभी वर्ग, समाज के लोगों में उत्साह देखा जा रहा है और आमजन में कांग्रेस सरकार के प्रति विरोध दिखाई दे रहा है। सांसद मीणा ने कांग्रेस सरकार को घोटालों और भ्रष्टाचार की सरकार करार दिया।

भाषा पृथ्वी कुंज

नोमान

नोमान


लेखक के बारे में