सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के दौरान जंतर-मंतर पर अफरा-तफरी की स्थिति दिखी

Ads

सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के दौरान जंतर-मंतर पर अफरा-तफरी की स्थिति दिखी

  •  
  • Publish Date - July 18, 2026 / 02:08 PM IST,
    Updated On - July 18, 2026 / 02:08 PM IST

नयी दिल्ली, 18 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर शनिवार तड़के उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब दिल्ली पुलिस अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को अस्पताल ले गई। इस दौरान उनके समर्थकों ने विरोध-प्रदर्शन किया।

हाल में परीक्षाओं के प्रश्नपत्र कथित तौर पर लीक होने की घटनाओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्रों के समर्थन में वांगचुक जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे हैं।

शनिवार तड़के पुलिसकर्मी जब प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे तो प्रदर्शनकारी मंच की ओर दौड़ पड़े। कई लोगों ने अधिकारियों को वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से ले जाने से रोकने के लिए मानव श्रृंखला बनाई।

पुलिसकर्मियों ने वांगचुक को वहां से ले जाने से पहले मंच के चारों ओर एक बड़ा सफेद पर्दा भी लगा दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई।

एक प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया, ‘‘वे तड़के सादे कपड़ों में आए। जब हमने पूछा कि वे कौन हैं, तो पहले उन्होंने खुद को चिकित्सक बताया। बाद में उन्होंने कहा कि उनके पास सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के लिए उच्च न्यायालय का आदेश है। हमने उनसे अनुरोध किया कि उनकी आवश्यक चिकित्सकीय जांच के पूरे होने तक इंतजार करें, लेकिन वे अंदर आए और उन्हें अपने साथ ले गए।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘हम उनसे कह रहे थे कि पहले उनकी मेडिकल टीम को उनकी जांच करने दें। किसी को पहले से इसकी जानकारी नहीं दी गई थी। सब कुछ आनन-फानन में किया गया।’’

प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि धक्का-मुक्की के दौरान कई लोग घायल हो गए।

उन्होंने कहा, ‘‘काफी धक्का-मुक्की हुई। पुलिसकर्मियों को रोकने की कोशिश में कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए। मुझे भी इस दौरान खरोंचें आई हैं।’’

एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा कि वे वांगचुक और कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके के समर्थन में अपना आंदोलन जारी रखेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘हम सोनम वांगचुक और अभिजीत के साथ हैं और यह आंदोलन जारी रहेगा। उन्हें प्रदर्शन स्थल से हटाए जाने से हमारा संकल्प कमजोर नहीं होगा। परीक्षा सुधार और प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ हमारा आंदोलन जारी रहेगा।’’

वांगचुक को अस्पताल ले जाए जाने के बाद भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए, आंदोलन से जुड़े गीत गाए और डफली बजाकर अपना समर्थन व्यक्त किया।

प्रदर्शन स्थल पर अभिजीत दीपके के अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने पर प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक के मामलों में कार्रवाई की उनकी मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

भाषा रवि कांत रवि कांत सुभाष

सुभाष