नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) कांग्रेस के अनुसूचित विभाग के अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने बृहस्पतिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती से मिलने के उनके प्रयास के पीछे कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं था और उनकी पार्टी ने इस संदर्भ में कोई स्पष्टीकरण नहीं मांगा है।
गौतम और कांग्रेस के अनुसूचित विभाग की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं सांसद तनुज पुनिया बुधवार को पहले से तय कार्यक्रम और आधिकारिक अनुमति के बिना लखनऊ स्थित बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती के आवास पहुंचे थे जिसको लेकर विवाद खड़ा हो गया।
कांग्रेस नेतृत्व के लिए और अधिक असहज स्थिति इस वजह से बनी कि यह दौरा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की रायबरेली यात्रा के दौरान हुआ। हालांकि प्रतिनिधिमंडल मायावती से मुलाकात नहीं कर सका।
गौतम ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘बहन जी, हमारे समाज की सम्मानित नेता हैं। हम सिर्फ उनका कुशलक्षेम जानना चाहते थे। इसलिए हम अपनी बैठक के बाद वहां खाना खाने के लिए निकले तो नजदीक में बहन जी के बंगले की तरफ गए ताकि उनसे मिलकर हालचाल पूछ लें।’’
उनका कहना था कि इस मुलाकात के प्रयास के पीछे कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं था।
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी की ओर से आधिकारिक रूप से कोई स्पष्टीकरण नहीं मांगा गया है।
भाषा हक हक मनीषा
मनीषा