यादवपुर विश्वविद्यालय में देश-विरोधी ताकतों के खिलाफ ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ होगी: दिलीप घोष
यादवपुर विश्वविद्यालय में देश-विरोधी ताकतों के खिलाफ ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ होगी: दिलीप घोष
कोलकाता, 25 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने मंगलवार को कहा कि यादवपुर विश्वविद्यालय परिसर में सक्रिय देश-विरोधी ताकतों के खिलाफ ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की जाएगी।
विश्वविद्यालय में वामपंथी छात्र संगठनों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े छात्रों के बीच हाल में झड़प हुई थी।
घोष ने दावा किया कि विश्वविद्यालय में इन ‘‘देश विरोधी ताकतों’’ ने तत्कालीन केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो और राज्य के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ जैसी हस्तियों के साथ ‘‘निंदनीय व्यवहार’’ किया था।
घोष ने 29 सितंबर 2019 को एबीवीपी के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए तत्कालीन केंद्रीय मंत्री सुप्रियो के विश्वविद्यालय में प्रवेश के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन और राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति के रूप में धनखड़ के कार्यकाल के दौरान उनके खिलाफ हुए प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए यह बयान दिया।
विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय छात्र संघ (एफईटीएसयू) की 19 अगस्त की शाम हुई आम बैठक के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध एबीवीपी और वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों के बीच 20 अगस्त को तड़के झड़प हो गई थी, जिसमें कई छात्र घायल हुए थे। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर परिसर में बाहरी लोगों को लाने का आरोप लगाया था।
इससे जुड़ी एक अन्य घटना में 20 अगस्त की दोपहर ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (एसएफआई) और एबीवीपी के समर्थकों ने एक ही सड़क के दो अलग-अलग छोर से विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की और इस दौरान उनकी पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने उन्हें परिसर में प्रवेश करने से रोकने की कोशिश की। इस अफरा-तफरी के दौरान विश्वविद्यालय के द्वार संख्या चार पर लगा उसका प्रतीक चिह्न नीचे खींच दिया गया।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री घोष ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि ‘‘कश्मीर की आजादी का समर्थन करने वाले ऐसे सभी लोगों से उचित तरीके से निपटा जाए।’’
भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के पूर्व अध्यक्ष घोष ने कहा, ‘‘टुकड़े-टुकड़े गैंग, (यादवपुर विश्वविद्यालय परिसर की) दीवारों पर देश-विरोधी नारे लिखने वालों और राष्ट्रवादी विचारों का प्रचार करने पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं की पिटाई करने वालों के खिलाफ ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यादवपुर विश्वविद्यालय को अति-वामपंथी और आजादी समर्थक तत्वों से मुक्त कराया जाएगा। राज्य की पिछली सरकारों के विपरीत भाजपा (सरकार) उन्हें उन्हीं की भाषा में जवाब देगी। ऐसी ताकतों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हम यादवपुर विश्वविद्यालय में शांतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
एसएफआई ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप किया कि मंत्री का बयान ‘‘भाजपा के एक कट्टरपंथी नेता की धमकी भरी और फासीवादी मानसिकता’’ को दर्शाता है।
एसएफआई ने कहा कि ‘‘यादवपुर विश्वविद्यालय के शांतिप्रिय और देशभक्त छात्र’’ ऐसी टिप्पणियों का विरोध करेंगे और वे ‘‘आरएसएस-भाजपा को परिसर में अपनी विचारधारा की प्रयोगशाला स्थापित करने तथा वामपंथी, धर्मनिरपेक्ष और उदारवादी ताकतों पर हमले की साजिश रचने की अनुमति कभी नहीं देंगे।’’
भाषा
सिम्मी माधव
माधव

Facebook


