‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ का तीसरा संस्करण शुरू

Ads

‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ का तीसरा संस्करण शुरू

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 08:44 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 08:44 PM IST

नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के तीसरे संस्करण की शुरुआत बुधवार को क्विज प्रतियोगिता के साथ हुई और इसका अंतिम चरण अगले साल 10 से 12 जनवरी तक आयोजित होगा। अंतिम चरण में पहुंचने वाले प्रतिभागी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समक्ष विकसित भारत के लिए अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ (वीबीवाईएलडी) 2027 कई चरणों में आयोजित होगा। इसमें प्रतिभागी डिजिटल क्विज से आगे बढ़ते हुए निबंध प्रतियोगिता, जिला चैंपियनशिप और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश स्तर के वीबीवाईएलडी के बाद राष्ट्रीय वीबीवाईएलडी तक पहुंचेंगे।

‘विकसित भारत क्विज’ 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक ‘माई भारत’ पोर्टल पर आयोजित की जा रही है। पंद्रह से 29 वर्ष आयु वर्ग के लिए आयोजित यह क्विज कई भाषाओं में डिजिटल माध्यम से कराई जा रही है।

क्विज में शीर्ष 10 प्रतिशत प्रतिभागी, अधिकतम चार लाख प्रतिभागियों की सीमा के अधीन, अगले चरण—‘विकसित भारत निबंध चुनौती’ के लिए पात्र होंगे।

चयनित प्रतिभागियों को ‘माई भारत’ पोर्टल के माध्यम से निर्धारित ‘विकसित भारत’ विषय पर 500 शब्दों का निबंध जमा करना होगा।

जिला चैंपियनशिप में प्रत्येक जिले के शीर्ष 50 निबंधों को आमने-सामने प्रस्तुति के दौर के लिए चुना जाएगा।

जिला चैंपियनशिप 10 से 16 नवंबर के बीच आयोजित की जाएगी।

युवा मामले एवं खेल मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘यह यात्रा 10 से 12 जनवरी 2027 तक नयी दिल्ली में होने वाले ‘नेशनल विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के साथ समाप्त होगी।’’

भाषा राखी देवेंद्र

देवेंद्र