कोलकाता, 11 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के सिलसिले में उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किए गए तीन लोगों को सोमवार को 13 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों को रविवार को हिरासत में लिया गया था। बाद में, उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम क्षेत्र में छह मई की रात हुई हत्या की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारी ने बताया, ‘तीनों आरोपियों को पश्चिम बंगाल लाया गया और सोमवार को उत्तर 24 परगना जिले की बारासात अदालत में पेश किया गया। उन्हें 13 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।’
उन्होंने बताया कि बारासात अदालत ने पुलिस को उन्हें 24 मई को फिर से पेश करने का आदेश दिया है।
उन्होंने बताया कि विशेष जांच दल ने आरोपियों को दो सप्ताह के लिए पुलिस हिरासत में देने की मांग की थी।
उन्होंने बताया कि उन पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या, अवैध हथियार रखने, आपराधिक साजिश रचने और सबूतों को छिपाने का आरोप लगाया गया है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के दो दिन बाद रथ की मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
अधिकारी ने बताया कि अन्य संदिग्धों का पता लगाने के लिए एसआईटी ने पूरे राज्य के कई क्षेत्रों में छापेमारी जारी रखी।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश