डीओसी की निर्यात मांग से सरसों तिलहन में सुधार

Ads

डीओसी की निर्यात मांग से सरसों तिलहन में सुधार

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 09:14 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 09:14 PM IST

नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) सरसों के तेल-रहित खल (डी-आयल्ड केक या डीओसी) की स्थानीय और निर्यात मांग बढ़ने के कारण सोमवार को देश के बाजारों में सरसों तिलहन के दाम में सुधार देखने को मिला। इसी प्रकार डीओसी की स्थानीय मांग से सोयाबीन तिलहन के दाम में भी सुधार आया। जबकि उपलब्धता काफी कम होने के बीच बिनौला तेल के दाम भी सुधर गए। दूसरी ओर सुस्त कामकाज के बीच सरसों तेल, मूंगफली तेल-तिलहन, आयातकों द्वारा लागत से कम दाम पर बिकवाली के कारण सोयाबीन तेल तथा कच्चे पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तेल के दाम स्थिर बने रहे।

मलेशिया और शिकॉगो को एक्सचेंज में सुधार देखने को मिला।

बाजार सूत्रों ने कहा कि विदेशों और स्थानीय स्तर पर सरसों डीओसी की मांग बढ़ने के कारण सरसों तिलहन के दाम में सुधार आया जबकि सरसों डीओसी में आई तेजी की वजह से सरसों तेल के दाम स्थिर रहे। इसी प्रकार डीओसी की स्थानीय मांग होने के कारण सोयाबीन तिलहन के दाम भी मजबूत रहे। वहीं आयातकों द्वारा लागत से नीचे दाम पर बिकवाली के बीच सोयाबीन तेल के दाम स्थिर रहे। बाजार में कम उपलब्धता के बीच बिनौला तेल के दाम में भी मजबूती दिखी। मांग बढ़ने की वजह से हरियाणा के आदमपुर मंडी में कपास नरमा का भाव बढ़कर 9,000 रुपये प्रति क्विंटल हो गया।

सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विदेशी मुद्रा के बचत करने के लिए खाद्य तेलों के आयात को कम करने की जरूरत पर जोर दिया है। अब तेल संगठनों को इस बात पर गौर करना होगा कि खाद्य तेल मामले में लगभग 60 प्रतिशत की निर्भरता वाले इस देश में, आयातक किस मजबूरी में अपना आयात किया गया माल, लागत से सस्ते दाम पर बाजार में बेच रहे हैं। आयातकों के इस घाटे के सौदे के बीच उनके द्वारा बैकों से लिया गया कर्ज डूबने की भी आशंका है। इस परिस्थिति में क्या विदेशी मुद्रा का नुकसान नहीं हो रहा है?

सामान्य व सुस्त कामकाज के बीच सरसों तेल, सोयाबीन तेल, पाम पामोलीन और मूंगफली तेल तिलहन के दाम स्थिर बने रहे।

तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:

सरसों तिलहन – 7,025-7,050 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली – 6,650-7,125 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 15,750 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,500-2,800 रुपये प्रति टिन।

सरसों तेल दादरी- 14,350 रुपये प्रति क्विंटल।

सरसों पक्की घानी- 2,400-2,500 रुपये प्रति टिन।

सरसों कच्ची घानी- 2,400-2,545 रुपये प्रति टिन।

सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 15,675 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,575 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 12,250 रुपये प्रति क्विंटल।

सीपीओ एक्स-कांडला- 13,625 रुपये प्रति क्विंटल।

बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 15,350 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,400 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन एक्स- कांडला- 14,275 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।

सोयाबीन दाना – 7,050-7,100 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन लूज- 6,700-6,775 रुपये प्रति क्विंटल।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय