उप्र: राधाष्टमी पर बरसाना में सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम

Ads

उप्र: राधाष्टमी पर बरसाना में सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम

  •  
  • Publish Date - September 12, 2026 / 02:56 PM IST,
    Updated On - September 12, 2026 / 02:56 PM IST

मथुरा, 12 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के ब्रज क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद अब राधारानी के जन्मोत्सव राधाष्टमी की तैयारियां तेज हो गई हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 19 सितंबर को मनाए जाने वाले इस पर्व का मुख्य आकर्षण बरसाना, राधारानी की जन्मस्थली रावल गांव और वृंदावन स्थित ठाकुर बांके बिहारी मंदिर होंगे, जहां विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।

अधिकारियों के अनुसार, लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम शुरू कर दिए हैं।

जिलाधिकारी (डीएम) चंद्रप्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

बरसाना के मेला क्षेत्र को सात जोन और 20 सेक्टरों में बांटा गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए 38 ‘होल्डिंग एरिया’ बनाए जा रहे हैं, आने वाले मार्गों पर 88 स्थानों पर अवरोधक लगाए जाएंगे और 50 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी।

उन्होंने बताया कि छह ‘वॉच टावर’, 155 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी और 27 स्थानों पर 63 अस्थायी कैमरे लगाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में 12 स्वास्थ्य शिविर, मेडिकल टीमें और बाइक एंबुलेंस तैनात रहेंगी।

अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए 35 पानी के टैंकर, 30 मोबाइल शौचालय, 100 लाउडस्पीकर और सात जूता घर बनाए जाएंगे।

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम 18 और 19 सितंबर को बरसाना आने-जाने के लिए 160 बसें चलाएगा जबकि 40 अतिरिक्त बसें रिजर्व रहेंगी।

ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में राधारानी के प्राकट्योत्सव की तैयारियां भी जारी हैं।

राधाष्टमी के दिन स्वामी हरिदास का 489वां पाटोत्सव भी मनाया जाएगा और 12 सितंबर से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम शुरू होंगे।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र