‘एक्सपायर’ हो चुके खाद्य उत्पादों को फिर से पैक करके बाजार में बेचने के आरोप में तीन गिरफ्तार
‘एक्सपायर’ हो चुके खाद्य उत्पादों को फिर से पैक करके बाजार में बेचने के आरोप में तीन गिरफ्तार
नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने द्वारका में ‘एक्सपायर’ (इस्तेमाल की मियाद खत्म) हो चुके खाद्य और पेय पदार्थों की रीपैकेजिंग और बिक्री करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने विभिन्न ब्रांड्स के शीतल पेय के 3,096 डिब्बे और बड़ी मात्रा में जाने-माने ब्रांड्स के बिस्कुट बरामद किए हैं, जिनकी पैकेजिंग और स्टिकर में बदलाव किया गया था।
आरोपियों की पहचान कमल मुदगिल (56), शिवम सिंह (27) और लोकेश कुमार (35) के रूप में हुई है।
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि यह कार्रवाई अपराध शाखा ने की है।
बयान में कहा गया है कि 29 मार्च को सूचना मिली कि द्वारका के बामनोली गांव में कुछ लोग एक अवैध इकाई चला रहे हैं, जहां बहुराष्ट्रीय ब्रांड्स के ‘एक्सपायर’ हो चुके या ‘एक्सपायर’ होने वाले खाद्य तथा पेय पदार्थों की इस्तेमाल योग्य तिथियों के साथ छेड़छाड़ करके उन्हें बाजार में दोबारा बेचा जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने द्वारका के सेक्टर-28 स्थित एक गोदाम पर छापा मारा, जहां से उन्हें परिसर के अंदर रखे गए बड़ी मात्रा में शीतल पेय और पैकेट बंद खाद्य पदार्थ बरामद हुए।
मौके पर मौजूद शिवम सिंह और लोकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि वे अवैध इकाई के मालिक कमल मुदगिल के निर्देशों पर काम कर रहे थे। मुदगिल भी कुछ ही देर बाद मौके पर पहुंचा और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के अधिकारियों को कंपनी के लाइसेंस की जांच करने और नमूने एकत्र करने के लिए मौके पर बुलाया गया था। जांच के बाद, फर्जी बैच नंबर और ‘एक्सपायर’ तिथि वाले खाद्य उत्पादों को जब्त कर लिया गया।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हर्ष इंदोरा ने बयान में कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बाजार से ‘एक्सपायर’ या ‘एक्सपायर’ होने वाले उत्पाद खरीदते थे और थिनर का इस्तेमाल कर उनपर से मूल निर्माण तिथि और ‘एक्सपायरी’ तिथि मिटा दिया करते थे और फिर मशीन का इस्तेमाल कर उनपर नई तिथियां प्रकाशित कर दिया करत थे।
इसके बाद उत्पादों को डिब्बों में दोबारा पैक करके बाजार में आपूर्ति के लिए भेज दिया जाता था।
पुलिस ने कहा कि इस बाबत मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान मनीषा गोला
गोला

Facebook


