अजमेर में जली कार से तीन शव मिले, हत्या की आशंका
अजमेर में जली कार से तीन शव मिले, हत्या की आशंका
जयपुर, 28 मई (भाषा) राजस्थान के अजमेर जिले में बृहस्पतिवार तड़के जली हुई एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) से तीन और समीप ही खेत से एक अन्य शव बरामद किया गया। शुरुआत में इसे महज दुर्घटना मान रही पुलिस ने अब इस मामले में हत्या का संदेह जताया है।
पुलिस के अनुसार, यह संदिग्ध घटना अजमेर के बोराड़ा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव की है जहां चार लोगों के शव बरामद किए गए।
उसने बताया कि मृतकों की पहचान पूर्व सरपंच राम सिंह चौधरी, उनकी मां पूसी देवी, पत्नी सूर्यज्ञान देवी और रिश्तेदार महिमा चौधरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि जले हुए वाहन के अंदर तीन शव मिले, जबकि एक शव पास के खेत से बरामद किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला ने बताया कि शुरुआत में यह मामला वाहन में आग लगने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था, लेकिन प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका भी सामने आई है।
उन्होंने कहा, ‘‘शवों पर चोट के निशान मिले हैं और राम सिंह के घर से खून के धब्बे मिले हैं। परिवार के सदस्य इस बारे में कुछ भी नहीं बोल रहे हैं।’’
अगरवाला ने बताया कि राम सिंह की दो पत्नियां थीं और उनकी पहली पत्नी तथा बच्चों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा पृथ्वी खारी
खारी

Facebook


