राजस्थान में तीन दिवसीय ‘सांभर महोत्सव’ 17 फरवरी से शुरू होगा

Ads

राजस्थान में तीन दिवसीय ‘सांभर महोत्सव’ 17 फरवरी से शुरू होगा

  •  
  • Publish Date - February 6, 2023 / 02:41 PM IST,
    Updated On - February 6, 2023 / 02:41 PM IST

जयपुर, छह फरवरी (भाषा) जयपुर जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग ने तीन दिवसीय ‘सांभर महोत्सव’ की तैयारियां शुरू कर दी हैं जो 17 फरवरी से शुरू होगी। एक सरकारी प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

प्रवक्ता ने बताया कि राज्य में पर्यटन की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए जयपुर जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग द्वारा 17 से 19 फरवरी तक ‘सांभर महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। इसके सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

जयपुर के जिलाधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने ‘सांभर महोत्सव’ की तैयारियों को लेकर हाल में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि पतंग महोत्सव, धुलंडी महोत्सव, तीज महोत्सव और गणगौर महोत्सव के बाद अब सांभर महोत्सव देसी-विदेशी सैलानियों के आकर्षण का केन्द्र बनने जा रहा है।

तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए अतिरिक्त जिलाधिकारी अशोक कुमार शर्मा को सांभर महोत्सव का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, महोत्सव में कार्यक्रमों के आयोजन, सैलानियों की सुविधाओं और जरूरी व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

शर्मा ने एक बयान में कहा कि तीन दिवसीय ‘सांभर महोत्सव’ में हर दिन कई खास आयोजन होंगे। एक ओर जहां महोत्सव का आगाज ‘एडवेंचर बाइक राइड’ से होगा तो वहीं दूसरी ओर ‘स्टार नाइट गेजिंग इवेंट’ के तहत रात को सैलानी को सांभर के साफ आसमान में तारों को निहारने का मौका मिलेगा। महोत्सव के दौरान पतंगबाजी और ऊंट की सवारी सहित कई साहसिक गतिविधियों का आयोजन होगा।

पर्यटन विभाग के उपनिदेशक उपेन्द्र सिंह शेखावत के अनुसार, फोटोग्राफी प्रदर्शनी, सॉल्ट ट्रेन, सांभर लेक यात्रा, देवयानी कुंड पर दीपोत्सव और सेलिब्रेटी नाइट के साथ-साथ लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी सैलानियों के आकर्षण का केन्द्र होंगी। सैलानियों को सांभर के ऐतिहासिक महत्व और परिंदों की रोचक जानकारियों से रूबरू करवाने के लिए खास ‘टॉक शो’ का भी आयोजन किया जाएगा।

भाषा पृथ्वी सुरभि

सुरभि