Kedarnath Dham 2026: वैदिक मंत्रोच्‍चार के बीच खुले केदारनाथ धाम के कपाट, CM धामी ने की पीएम मोदी के नाम की पूजा, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा

Ads

Kedarnath Dham 2026: वैदिक मंत्रोच्‍चार के बीच खुले केदारनाथ धाम के कपाट, CM धामी ने की पीएम मोदी के नाम की पूजा, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 02:48 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 02:49 PM IST

Kedarnath Dham Door Open | Photo Credit: @DIPR_UK

HIGHLIGHTS
  • 22 अप्रैल 2026 को श्री केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए
  • पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से की गई
  • धाम को 51 क्विंटल फूलों से सजाया गया और हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा हुई

देहरादून:  श्रद्धा, आस्था और दिव्यता की अद्भुत त्रिवेणी, ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट (Kedarnath Dham Door Open) आज पूरे विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में कपाट खुलते ही पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के उद्घोष से गूंज उठा। धाम में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से की गई।

Kedarnath Dham 2026: इस पावन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे। उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर प्रदेश एवं देश की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुन के बीच कपाट उद्घाटन का यह दिव्य क्षण और भी अलौकिक बन गया। मुख्यमंत्री ने समस्त देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री केदारनाथ धाम न केवल सनातन धर्मावलंबियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि यह भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और इस वर्ष भी बाबा केदार के आशीर्वाद से यात्रा ऐतिहासिक होगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने सभी उत्तराखण्डवासियों से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और आतिथ्य भाव बनाए रखने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बाबा केदारनाथ का अनन्य भक्त बताते हुए कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद उनके मार्गदर्शन में श्री केदारनाथ धाम का भव्य एवं दिव्य पुनर्निर्माण हुआ है, जो आज विश्व भर के श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।

इससे पूर्व, भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ से गुप्तकाशी, फाटा और गौरीकुंड होते हुए कल शाम ही धाम पहुंची। इसी क्रम में कपाट खुलने की प्रक्रिया आज प्रातः 5 बजे से प्रारंभ हुई। इसके बाद प्रातः 8 बजे रावल भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी गंगाधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, तीर्थ पुरोहित उमेश चंद्र पोस्ती सहित धर्माचार्यों एवं वेदपाठियों ने मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर विधिवत पूजा-अर्चना की। देव आह्वान एवं लोक कल्याण के संकल्प के साथ ठीक 8 बजे कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाटोद्घाटन के अवसर पर केदारनाथ धाम को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

कपाट खुलने के अवसर पर गीता धामी, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी, पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, तीर्थ पुरोहित उमेश चंद्र पोस्ती, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग/मुख्य कार्याधिकारी बीकेटीसी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर सहित बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहितगण, हक हकूकधारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

इन्हें भी पढ़े:-

केदारनाथ धाम के कपाट कब खोले गए?

कपाट 22 अप्रैल 2026 को प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में खोले गए।

कपाटोद्घाटन की पहली पूजा किसके नाम से हुई?

पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से की गई।

कपाटोद्घाटन समारोह में कौन-कौन उपस्थित रहे?

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधायक आशा नौटियाल, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिला प्रशासन और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।