विझिंजम तट के पास लापता हुए तीन मछुआरों को बचाया गया

विझिंजम तट के पास लापता हुए तीन मछुआरों को बचाया गया

विझिंजम तट के पास लापता हुए तीन मछुआरों को बचाया गया
Modified Date: June 30, 2026 / 01:23 pm IST
Published Date: June 30, 2026 1:23 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 30 जून (भाषा) केरल के विझिंजम तट से मछली पकड़ने के लिए समुद्र में जाने के बाद लापता हुए तीन मछुआरों को बचा लिया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

राज्य मत्स्य विभाग के अनुसार, वेट्टुकाड के रहने वाले सानू (37) और रॉबिन्सन (55) तथा वलियावेली निवासी बाबू (40), 28 जून को अपराह्न करीब तीन बजे मछली पकड़ने के लिए समुद्र में गए थे। उन्हें 29 जून की सुबह तक लौटना था लेकिन जब वे नहीं लौटे तो उनकी तलाश में अभियान शुरू किया गया।

मत्स्य विभाग ने बताया कि तटीय पुलिस से सूचना मिलने के बाद समुद्री प्रवर्तन प्रकोष्ठ ने तलाश अभियान शुरू किया।

इस अभियान में भारतीय तटरक्षक बल के जवानों और लापता मछुआरों के परिजनों ने भी हिस्सा लिया। यह अभियान देर रात तक जारी रहा।

अधिकारियों ने बताया कि समुद्री धाराएं दक्षिण दिशा की ओर बह रही थीं, इसलिए तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों कोलाचेल, कन्याकुमारी और थेंगापट्टनम की एजेंसियों को भी सतर्क किया गया और वहां भी समानांतर रूप से खोज अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि मंगलवार तड़के तीनों मछुआरों का पता चल गया और उन्हें बचा लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, तीनों मछुआरों के दोपहर लगभग डेढ़ बजे तक विझिंजम तट पर पहुंचने की उम्मीद है।

भाषा शोभना वैभव

वैभव


लेखक के बारे में