जयपुर, 13 सितंबर (भाषा) राजस्थान के अलवर जिले में तेज रफ्तार एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे दो पहिया वाहन पर सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा शनिवार रात अरावली विहार थाना क्षेत्र के मोती नगर इलाके में हुआ।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान काला कुआं निवासी जितेंद्र सिंह उर्फ छोटू (22), युवराज उर्फ यूवी (21) और हिमांशु (22) के रूप में हुई है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल और कार नाले की दीवार से जा टकराए। हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक उछलकर नाले में जा गिरा।
थाना प्रभारी सुनील टांक ने बताया कि तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, कार सचिन मीणा के नाम पर पंजीकृत है और ऐसा बताया जा रहा है कि उसमें चार-पांच युवक सवार थे। हादसे के बाद वे कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने रविवार सुबह अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया तथा हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने तक शव लेने से भी इनकार कर दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के कारण तीनों युवकों की हत्या की गई है।
टांक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन की यह तेज रफ्तार के कारण हुआ सड़क हादसा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, परिजनों के आरोपों को देखते हुए उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
भाषा बाकोलिया
सिम्मी
सिम्मी