मुंडका में सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन की मौत

मुंडका में सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन की मौत

मुंडका में सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन की मौत
Modified Date: June 26, 2026 / 03:22 pm IST
Published Date: June 26, 2026 3:22 pm IST

नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) दिल्ली के मुंडका औद्योगिक इलाके में शुक्रवार को एक फैक्टरी के सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि मुंडका औद्योगिक इलाके में सेप्टिक टैंक में कुछ लोग फंस गए हैं, जिसके बाद एक टीम को मौके पर भेजा गया।

उन्होंने बताया कि तीन लोग एक-एक करके सेप्टिक टैंक में उतरे थे और वे जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि दोपहर करीब 1.30 बजे, अग्निशमन सेवा ने उपमंडलीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) को बुलाने का आग्रह किया जिसके बाद जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के ज़रिए मुंडका के एसडीएम को इसकी जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि डीएफएस की टीम ने जब बेहोश लोगों को टैंक से निकाला तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

उनके अनुसार, मृतकों की पहचान अरूण (38), संदीप (32) और चंद (42) के तौर पर हुई है और वे सभी सुल्तानपुरी इलाके में इंद्रा झील के रहने वाले थे। मामले की जांच की जा रही है।

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में