क्योंझर (ओडिशा), 21 मई (भाषा)ओडिशा के क्योंझर में बृहस्पतिवार को आए भीषण तूफान के दौरान ‘टेंट हाउस’ गिरने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया और मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा नारनपुर इलाके में उस समय हुआ जब दोपहर के समय टेंट हाउस के कर्मचारी चिलचिलाती धूप से बचने के लिए उसमें आराम कर रहे थे।
उसने बताया, ‘‘तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण टेंट हाउस गिर गया। पीड़ित अंदर सो रहे थे।’’
मृतकों की पहचान आलोक चिपिंडिया, सागर नायक और पेटू नायक के रूप में हुई है। सभी मृतक मां तारिणी टेंट हाउस से जुड़े थे। घायल व्यक्ति को तत्काल पास के अस्पताल में ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि तेज हवाओं के कारण पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे गिर गए और कई घरों को नुकसान पहुंचा। तेज हवाओं के कारण इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
भाषा धीरज नरेश
नरेश