असम में मिनीबस-ट्रक की टक्कर में घायल तीन और लोगों ने दम तोड़ा, मृतक संख्या सात हुई

Ads

असम में मिनीबस-ट्रक की टक्कर में घायल तीन और लोगों ने दम तोड़ा, मृतक संख्या सात हुई

  •  
  • Publish Date - August 31, 2026 / 01:04 PM IST,
    Updated On - August 31, 2026 / 01:04 PM IST

गुवाहाटी, 31 अगस्त (भाषा) असम के कामरूप मेट्रोपॉलिटन जिले में ट्रक और मिनीबस की आमने-सामने की टक्कर में घायल हुए तीन और लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया जिससे इस हादसे में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर सात हो गई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह दुर्घटना रविवार शाम सोनापुर के पास टेटेलिया में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर हुई थी। हादसे में एक महिला समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।

खेत्री थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘तीन और घायलों ने दम तोड़ दिया। सात अन्य लोगों का गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार चल रहा है।’’

उन्होंने बताया कि मिनीबस में चालक और सहायक समेत 14 लोग सवार थे और सभी हादसे की चपेट में आए। ट्रक में सवार किसी व्यक्ति को चोट नहीं लगी।

गुवाहाटी पुलिस के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) सफीकुल हुसैन के अनुसार, मिनीबस गुवाहाटी की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक विपरीत दिशा से आ रहा था।

उन्होंने कहा, ‘‘अचानक बस चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई और ट्रक से टकरा गई। बताया जा रहा है कि सड़क के बीच बने एक बड़े गड्ढे में बस के चले जाने के बाद चालक ने नियंत्रण खो दिया। हम इस बात की जांच कर रहे हैं।’’

स्थानीय लोगों ने राजमार्ग के खराब रखरखाव के विरोध में रात में सड़क जाम कर दी।

प्रदर्शन कर रहे एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा, ‘‘सड़क की बेहद खराब स्थिति के कारण इस हिस्से में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ दिन पहले रेत से लदा एक ट्रक भी सड़क के बीच बने बड़े गड्ढे में गिरने के बाद पलट गया था। हम सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे हैं, लेकिन एनएचएआई ने कुछ नहीं किया।’’

हादसे वाली जगह से महज एक किलोमीटर दूर सोनापुर में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) का टोल प्लाजा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक सड़क की मरम्मत नहीं होगी, टोल प्लाजा बंद रखा जाएगा।

हादसे के कारण राजमार्ग पर भारी जाम लग गया और सैकड़ों वाहन कई घंटे तक फंसे रहे। स्थिति संभालने के लिए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

भाषा

मनीषा वैभव

वैभव