जम्मू और उधमपुर में तीन कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
जम्मू और उधमपुर में तीन कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
जम्मू, 17 मार्च (भाषा) जम्मू और उधमपुर जिलों में अलग-अलग स्थानों से एक कुख्यात अपराधी और मादक पदार्थ के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू के आर एस पुरा इलाके से आगरा चक गांव के निवासी युद्धवीर सिंह उर्फ बबलू को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है।
प्रवक्ता ने कहा, “सिंह एक कुख्यात अपराधी है और उसके खिलाफ कई प्राथमिकी दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता है।”
उन्होंने बताया कि उधमपुर जिले के रामनगर इलाके में तलाशी के दौरान मादक पदार्थ के दो तस्करों – राहत अमान और सक्षम ठाकुर – को अलग-अलग स्थानों पर पकड़ा गया और गिरफ्तार किया गया।
अमान दोपहिया वाहन पर सवार था और उसकी तलाशी में 6.21 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जबकि ठाकुर के कब्जे से 6.32 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
प्रवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश

Facebook


