विद्यार्थियों को धमकी देने के आरोप में तीन लोगों पर मामला दर्ज

Ads

विद्यार्थियों को धमकी देने के आरोप में तीन लोगों पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - September 4, 2026 / 03:07 PM IST,
    Updated On - September 4, 2026 / 03:07 PM IST

मंगलुरु (कर्नाटक), चार सितंबर (भाषा) कर्नाटक के मंगलुरु में एक कैफे के निकट एक निजी कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ कथित तौर पर गाली गलौज करने और उन्हें धमकाने के लिए तीन व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इनमें से दो आरोपी संघ परिवार के कार्यकर्ता बताए जाते हैं। यह मामला मूडबिदरी पुलिस थाने में दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना बृहस्पतिवार को उस समय घटी जब दो छात्राएं और दो छात्र नाश्ता करने के लिए मूडबिदरी बस स्टैंड के पास एक कैफे में गए। तभी रितिल पुजारी, प्रेम भंडारी और संजय हेगड़े कथित तौर पर कैफे में घुसे और विद्यार्थियों से उनकी पहचान के बारे में सवाल किया और वहां आने का कारण पूछा।

पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों ने विद्यार्थियों के साथ कथित तौर पर गाली गलौज की और धमकी भी दी, जिसके बाद इन विद्यार्थियों ने शुरुआत में भयवश पुलिस में शिकायत नहीं की।

इस घटना की सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक प्रतिभा ने कैफे का दौरा किया और एकत्रित सूचना के आधार पर एक शिकायत दर्ज कराई। इसके उपरांत पुलिस ने स्वयं मामला दर्ज किया।

पुलिस ने कहा कि इन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं- 126(2), 352, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इससे पूर्व भंडारी और हेगड़े का नाम मूडबिदरी में दर्ज चार अन्य मामलों में भी सामने आया था।

भाषा सं राजेंद्र सुरेश

सुरेश