बेंगलुरु में दम घुटने से तीन लोगों की मौत

Ads

बेंगलुरु में दम घुटने से तीन लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - March 1, 2026 / 12:50 AM IST,
    Updated On - March 1, 2026 / 12:50 AM IST

बेंगलुरु, 28 फरवरी (भाषा) बेंगलुरु में शनिवार को पानी की टंकी की सफाई के दौरान संभवत: दम घुटने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

व्हाइटफील्ड डिवीजन के पुलिस उपायुक्त सैदुलु अदावथ के अनुसार, यह घटना व्हाइटफील्ड पुलिस थाने की सीमा में इम्मादिहल्ली टेंपल सर्किल के पास पंचमुखी अंजनेय मंदिर के पीछे हुई।

उन्होंने बताया कि मकान मालिक मुनीशामप्पा (67) कुछ रसायनों की मदद से टंकी की सफाई के लिए उसके भीतर गया था लेकिन अंदर उसे सांस लेने में दिक्कत हुई और वह बेहोश हो गया।

इसके बाद उसकी स्थिति देखने टंकी के भीतर गए रुद्र कुमार (40) को भी सांस लेने में तकलीफ हुई और वह भी टंकी के भीतर ही गिर पड़ा। दोनों की मदद के लिए पहुंचा विश्वनाथ आचारी (24) भी टंकी में बेहोश हो गया।

तीनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीसीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में प्रतीत होता है कि बंद स्थान में जहरीली गैस के कारण दम घुटने से उनकी मौत हुई।

मामले की जांच जारी है।

भाषा राखी सिम्मी

सिम्मी