अहमदाबाद में तीन दुकानें ढहाई गईं; नगर निगम ने संलिप्तता से इनकार किया
अहमदाबाद में तीन दुकानें ढहाई गईं; नगर निगम ने संलिप्तता से इनकार किया
अहमदाबाद, 25 अगस्त (भाषा) अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) ने शहर में तीन दुकानों को अज्ञात लोगों द्वारा ढहाए जाने के मामले में अपने नाम के दुरुपयोग का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, नाना चिलोडा इलाके में सोमवार को कुछ लोगों ने खुद को कथित तौर पर नगर निगम की ओर से काम करने वाला बताकर तीन दुकानों को ढहा दिया। हालांकि, एएमसी ने कहा कि उसने न तो दुकानों को ढहाया और न ही इसके लिए किसी को अधिकृत किया था।
एएमसी की संपदा एवं नगर नियोजन समिति के अध्यक्ष भाग्येश पटेल ने कहा कि नगर निगम ने मौके का निरीक्षण किया और पाया कि उसके किसी विभाग या अधिकारी की इस कार्रवाई में कोई भूमिका नहीं थी।
उन्होंने कहा, ‘‘एक भूखंड पर तीन दुकानें थीं। निगम ने यह तोड़फोड़ नहीं की। हमारे अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों ने मौके का दौरा किया तथा वहां मौजूद सुरक्षा एजेंसी से भी बात की।’’
पटेल ने कहा, ‘‘ एक वीडियो में एएमसी का जिक्र किया गया है, लेकिन हम इस कार्रवाई में शामिल नहीं थे। जिसने भी दुकानों को ढहाया और एएमसी के नाम का इस्तेमाल किया, उसके खिलाफ हम पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगे और कार्रवाई करेंगे।’’
उप नगर आयुक्त विशाल खानामा ने मौके का दौरा किया और कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला है कि नगर निगम ने यह कार्रवाई नहीं की तथा उसके संपदा विभाग ने दुकानों को ढहाने का कोई निर्देश जारी नहीं किया था।
उन्होंने कहा, ‘‘यहां किसी भी तरह की तोड़फोड़ के लिए एएमसी ने किसी एजेंसी को नियुक्त नहीं किया था। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि पीछे स्थित भूखंड तक रास्ता खोलने के इरादे से दुकानों को ढहाया गया। वह भूखंड गुजरात औद्योगिक विकास निगम (जीआईडीसी) की सीमा में आता है।’’
उन्होंने कहा कि एएमसी कर्मचारियों ने पुलिस से संपर्क करके निगम के नाम के कथित दुरुपयोग की शिकायत की है।
अधिकारी ने कहा कि एएमसी द्वारा दुकानों को ढहाए जाने का दावा करने वाला संदेश प्रसारित करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
नरोदा थाने के निरीक्षक एस. ए. कोटडिया ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘दुकानों को ढहा दिया गया है और वहां मलबा पड़ा है। तोड़फोड़ कैसे हुई, इसकी उचित जांच की जा रही है। औपचारिक शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही हम अधिक स्पष्ट जानकारी दे पाएंगे।’’
दुकान मालिक नंदीश मोदी ने आरोप लगाया कि जब वह मौके पर पहुंचे और तोड़फोड़ कर रहे जेसीबी चालक से सवाल किया तो उसने दावा किया कि वे एएमसी की ओर से आए हैं।
मोदी ने कहा, ‘‘मैंने उनसे रुकने को कहा और एएमसी से संपर्क करने की बात कही, क्योंकि नगर निगम द्वारा पहले चिह्नित हिस्से को मैं पहले ही ढहा चुका था। मैंने पूछा कि वे पूरा ढांचा क्यों तोड़ रहे हैं, लेकिन उन्होंने फिर दावा किया कि वे निगम से आए हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जैसे ही मैंने एएमसी अधिकारियों को इसकी सूचना दी, वे जेसीबी छोड़कर भाग गए। वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड ने भी मुझे बताया कि तोड़फोड़ एएमसी के लोगों ने की थी।’’
अहमदाबाद के महापौर हितेश बारोट ने कहा कि सोमवार शाम एएमसी को मामले की जानकारी मिलते ही नगर निगम के अधिकारियों ने मौके का दौरा किया और पुष्टि की कि तोड़फोड़ एएमसी ने नहीं की थी।
बारोट ने कहा, ‘‘निगम के नाम के दुरुपयोग का पता चलने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। जो भी एजेंसी जिम्मेदार पाई जाएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, भले ही वह निगम के साथ काम करने वाली एजेंसी ही क्यों न हो।’’
भाषा अमित जोहेब
जोहेब

Facebook


